
केप टाउन। टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के साथ 5 जनवरी से 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। सीरीज से पहले टीम इंडिया केप टाउन में जमकर तैयारी कर रही है। जैसे की इस दौरे की पिछले काफी सम चर्चाएं हो रही हैं ऐसे में क्या टीम इंडिया सभी की उम्मीदों पर खरी उतर पाएगी? हालांकि इन सभी चर्चाओं के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने टीम इंडिया की रणनीति को लेकर बातचीत की है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में रोहित शर्मा ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी अटैक को लेकर बड़ी बात कही है। रोहित शर्मा ने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाज इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया से भी ज्यादा घातक बताया है। रोहित ने कहा, "ये दुनिया के सबसे बेहतरीन अटैकों में से एक है। देखिए, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया भी घरेलू पिचों पर काफी वैरिएशन ला सकती है लेकिन ये दक्षिण अफ्रीकी अटैक बहुत अलग और सबसे ज्यादा घातक है।"
हालांकि रोहित ने ये भी माना कि अफ्रीकी अटैक एकतरफा नहीं है। उनके पास वैरिएशन, अनुभव और कौशल है। कगीसो रबाडा लंबे कद के गेंदबाज हैं जो पिच पर तेज गेंद करा सकते हैं। मॉर्ने मॉर्केल भी उन्हीं के जैसे हैं। डेल स्टेन के पास अनुभव है जिसका इस्तेमाल वो नई और पुरानी गेंद के साथ कर सकते हैं। वर्नन फिलेंडर घरेलू स्थितियों में बहुत खतरनाक है। वह लगातार एक ही लेंथ की गेंदबाजी करता है, और आसानी से खेलने की छूट नहीं देता है। अगले एक साल में हमे सबसे चुनौतीपूर्ण अटैक का सामना करना है।
रोहित शर्मा ने भी कप्तान कोहली की ही तरह अफ्रीका में अभ्यास मैच न खेलने का समर्थन किया है। रोहित ने कहा है वह मौजूदा हालातों से खुश हैं। बता दें कि टीम इंडिया को पहले दक्षिण अफ्रीका में अभ्यास मैच खेलना था लेकिन बीसीसीआई ने अभ्यास मैच रद्द कराकर खुद से ट्रेनिंग करना बेहतर समझा।