नई दिल्ली। आईपीएल की इन दिनों धूम मची है। कुछ टीमों के लिए यह सीरीज अब आर या पार की स्थिति तक पहुंच गई है। ऐसा ही एक रोमांचक मुकाबला बुधवार को कोलकाता के इडेन गार्डेंस में देखने को मिला। केकेआर और मुंबई इंडिंयंस के बीच हुए इस मुकाबले में, पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने केकेआर के सामने एक बड़ा लक्ष्य ऱखा। मुंबई की ओपनिंग की अगर बात करें तो इस सीजन में हर मैच में मुंबई के सलामी बल्लेबाजों ने एक मजबूत शुरुआत मुंबई को दी है। मसलन केकेआर से हुए इस मैच में भी सूर्यकुमार यादव और लुईस अच्छी लय में दिखे। इस मैच से पहले यह अटकलें लगाई जा रही थी की आज रोहित शर्मा का बल्ला बोलेगा, क्योंकि ईडेन गॉर्डेन रोहित के लिए खास है। इस मैदान पर उन्होंने 264 रन बनाए थे। हालांकि केकेआर से हुए इस मुकाबले में मुंबई ने 212 रनों का एक बड़ा लक्ष्य केकेआर के सामने जरूर रखा लेकिन रोहित का बल्ला नहीं चला। ईशान किशन ने भले ही रोहित की कमी आतिशी पारी की कमी को न खलने दिया हो। इस मुकाबले में किशन ने 21 गेंदों में शानदार 62 रनों की पारी खेली और इतना बड़ा लक्ष्य केकेआर के सामने रखा। इस मैच में बल्ला भले ही रोहित का न चला हो लेकिन उन्होंने इस मुकाबले में दो खास रिकॉर्ड बना लिए हैं।
रोहित ने केकेआर के खिलाफ बनाए सबसे ज्यादा रनः आईपीएल 11 के इस मैच में कोलकाता के घरेलू स्टेडियम ईडेन गॉर्डेन्स में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने एक बड़ा लक्ष्य केकेआर को दिया था। रोहित शर्मा भी लुईस के आउट होने के बाद मैदान पर पहुंचे थे और 2 चौके और एक छक्के की मदद से रोहित ने इस मुकाबले में 36 रन बनाए और इसके साथ ही एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। दरअसल रोहित शर्मा केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 757 रन बनाकर चेन्नई सुपरकिंग के सुरेश रैना के 746 रनों को पछाड़ दिया और अपने नाम यह रिकॉर्ड कर लिया।
एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी बनायाः इस मैदान पर एक खास रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ रोहित के खाते में एक ऐसा रिकॉर्ड भी आ गया है जिसे वो किसी के साथ साझा नहीं करना चाहते होंगे। दरअसल रोहित शर्मा आईपीएल के मुकाबलों में अपने साथी को सबसे ज्यादा बार रन आउट कराने वाले भी बल्लेबाज बन गए हैं। उनके क्रीज पर मौजूद रहते हुए ऐसा 22 बार हुआ है जब उनका साथी खिलाड़ी रन आउट हो गया हो। इस कारनामे को करने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं महेंद्र सिंह धोनी जिनके साथ ये 21 बार हो चुका है।