नई दिल्ली। तेज गेंदबाज मोहम्मद शामी इस वक्त अपने व्यक्तिगत करियर के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। देहरादून से दिल्ली लौटते वक्त मोहम्मद शमी रविवार (25 मार्च)को सड़क दुर्घटना का शिकार हुए, जिसमें उनके शरीर पर कई जगहों पर चोटें आई हैं और सिर पर टांके भी लगे हैं। इंडियन क्रिकेट टीम के उपकप्तान रोहित शर्मा ने ट्वीट कर शमी के लिए जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की हैं।
शमी के एक्सीडेंट के बाद रोहित शर्मा ने ट्विट कर कहा, 'हाल ही के दिनों में इस बंदे ने बहुत कुछ झेला है। जल्दी ठीक होने के लिए इसकी कामना करता हूं।'
देहरादून से दिल्ली लौटते वक्त शमी की कार सड़क दुर्घटना में एक ट्रक से टकरा गई, जिसके बाद उनके सिर पर ज्यादा चोट आई है। इस दुर्घटना में शमी के सिर में 3 से 4 टांके भी लगे हैं। शमी फिलहाल देहरादून हॉस्पिटल में ही भर्ती है और वे आराम कर रहे हैं।
वहीं, शमी हाल के दिनों में अपनी पत्नी हसीन जहां के आरोपों का सामना कर रहे हैं, जिन्होंने तेज गेंदबाज पर पाकिस्तानी लड़की के साथ अफेयर और मैच फिक्सिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
इस विवाद के दौरान शमी को बीसीसीआई ने पहले कॉन्ट्रेक्ट लिस्ट से बाहर कर दिया था, लेकिन बाद उन्हें फिर से शामिल कर दिया। शमी तमाम आरोपों के बाद फिर से मैदान में प्रैक्टिस करते देखे गए हैं, जो अगले माह से शुरू होने वाले आईपीएल टूर्नामेंट में दिल्ली की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे।