नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में दो दिनों से एक शख्स की खूब चर्चा हो रही है। इस शख्स ने एक वीडियो में गेंद फेंककर नारियल तोड़ दिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इसे 'यार्कर मशीन' के नाम से बुला रहे हैं। युवक का नाम रितेश यादव है।
सोशल मीडिया पर रितेश यादव का वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग इनकी प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने उन्हें लॉकडाउन खत्म होने के बाद अपनी एकेडमी में आने का ऑफर दिया है। बता दें कि रितेश यादव गोरखपुर के सिंघड़िया निवासी हैं और उनका सपना है कि वे आइपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) में खेलें। रितेश ने 24 अप्रैल को अपनी यार्कर से नारियल तोड़ते हुए वीडियो ट्विटर पर अपलोड की थी।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को खूब सराहा जा रहा है। वहीं पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह ने भी रितेश की प्रतिभा को सराहा है। उन्होंने ट्वीट किया, 'जबरदस्त यार्कर। वाकई ग्रामीण इलाकों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमारे देश में एक से बढ़कर एक युवा टैलेंट मौजूद है। रितेश अगर चाहें तो लॉकडाउन खत्म होने के बाद लखनऊ या ग्रेटर नोएडा कैंप में प्रशिक्षण के लिए आ सकते हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।'
ज़बरदस्त यॉर्कर। वाक़ई में ग्रामीण इलाक़ों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमारे देश में एक से बढ़ कर एक युवा टैलेंट मौजूद हैं। रितेश अगर चाहें तो लॉक्डाउन खत्म होने के बाद लखनऊ या ग्रेटर नॉएडा कैम्प में प्रशिक्षण के लिए आ सकते हैं। मैं उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। https://t.co/WzYG80kVQi
— R P Singh रुद्र प्रताप सिंह (@rpsingh) April 28, 2020
इसके बाद रितेश ने उन्हें जवाब देते हुए कहा कि बहुत बहुत धन्यवाद सर, मुझे ये अवसर प्रदान करने के लिए, आभार आपका जो आपने मुझे इस काबिल समझा। मैं बिल्कुल आपसे प्रशिक्षित होना चाहूंगा ताकि मैं अपने हुनर को और निखार सकूं और आपकी तरह अपने जिले, प्रदेश और देश का नाम रौशन कर सकूं।