IPL की लोकप्रियता से घबराया पाक, कैबिनेट मीटिंग कर अपने देश में बैन किया प्रसारण
नई दिल्ली। इसमें कोई शक नहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच पुलवामा हमले के बाद से कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। खासकर जिस तरह से भारत ने एयर स्ट्राइक करके पाक को जो कड़ी प्रतिक्रिया दी थी वह पाकिस्तान के लिए पचानी काफी कठिन थी। इतना ही नहीं, भारत के टीवी प्रसारणकर्ताओं ने पाक की टी-20 क्रिकेट लीग पाकिस्तान सुपर लीग का प्रसारण भारतीय टीवी पर बैन कर दिया था। पहले से ही क्रिकेट संबंधों में बदहाल चल रहे पाक के लिए यह दोहरी मार की तरह से था।
अब लगता है पाकिस्तान ने इसका बदला चुकाने के मन से भारत की मशहूर क्रिकेट लीग आईपीएल पर निशाना साधा है। पाक ने मंगलवार को अपने देश में आईपीएल के प्रसारण को रोकने का फैसला किया है। इसके लिए पाकिस्तान ने भारत पर आरोप भी लगाते हुए कहा कि भारत ने पाक में खेलों को नुकसान पहुंचाने का संगठित स्तर पर प्रयास किया है। आपको बता दें कि पाक ने यह फैसला कैबिनेट की बैठक करके लिया है। इस बैठक की अध्यक्षता और कोई नहीं बल्कि पाक के प्रधानमंत्री इमरान खान कर रहे थे।
इस बारे में जानकारी देते हुए पाकिस्तानी सूचना मंत्री फवाद चौधरी ने कहा, 'भारत ने पाकिस्तान में क्रिकेट को नुकसान पहुंचाने का संगठित प्रयास किया है इसलिए हमारे यहां भारत के घरेलू टूर्नामेंट का प्रचार करने की मंजूरी देने का कोई मतलब नहीं है।'
इस दौरान पीएसएल को लेकर भारतीय प्रसारणकर्ताओं के रूख का भी हवाला दिया कि किस तरह से भारत में पीएसएल के आधिकारिक प्रसारणकर्ता डी- स्पोर्ट्स ने इस लीग को भारत में दिखाने से अपने हाथ पीछे खींच लिए थे। चौधरी ने आईपीएल को पाक में कहीं भी ना दिखाने की जिम्मेदारी पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया नियामक प्राधिकरण को सौंपी है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
