शोएब अख्तर का बयान- सचिन नहीं, इसे था आउट करना सबसे मुश्किल
नई दिल्ली। लाॅकडाउन के समय पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह कभी भारत-पाकिस्तान के क्रिकेट संबंध को लेकर नई बहस छेड़ देते हैं तो कभी पुराने किस्से याद कर नए खुलासे करते हैं। पिछले कुछ समय से वह अपने करियर से जुड़े कई दिलचस्प सवालों का जवाब देते आ रहे हैं। उसी कड़ी में अख्तर ने यह खुलासा किया है कि सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ में से किसे गेंदबाजी करना ज्यादा मुश्किल था। भारतीय टीम के दो महान बल्लेबाजों के बीच शोएब अख्तर ने राहुल द्रविड़ को चुना।

द्रविड़ को रखा ऊपर
हेलो एप के साथ हुए वीडियो चैट के दौरान शोएब अख्तर ने इस बात का खुलासा किया। हालाँकि शोएब अख्तर और सचिन तेंदुलकर के बीच की जंग को आज भी फैंस नहीं भूले होंगे, लेकिन पाकिस्तानी दिग्गज ने सबको चौंकाते हुए सचिन से ऊपर राहुल द्रविड़ को रखा। इसके अलावा रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर शोएब अख्तर ने कई और सवालों के जवाब भी दिए।

अपने समय सबसे तेज गेंदबाज थे अख्तर
शोएब अख्तर अपने समय में विश्व के सबसे तेज गेंदबाज थे और पाकिस्तान के लिए उन्होंने 46 टेस्ट मैचों में 178 विकेट लिए। इसके अलावा उन्होंने 163 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय भी खेले और 247 विकेट अपने नाम किए। 1997 में पाकिस्तान के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले अख्तर ने अपने करियर में 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय भी खेले, जिसमें उन्होंने 19 विकेट हासिल किए।

ऐसा रहा भारत के खिलाफ प्रदर्शन
सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ के खिलाफ अख्तर ने अपनी गेंदबाजी का जलवा सबसे पहले 1999 में दिखाया था। कोलकाता में खेले गए टेस्ट में उन्होंने राहुल द्रविड़ और सचिन तेंदुलकर को लगातार दो गेंदों में आउट कर घरेलू फैंस को हताश कर दिया था। भारत के खिलाफ अख्तर ने 10 टेस्ट खेले, जिसमें उन्होंने 28 विकेट लिए और 4/47 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इसके अलावा भारत के खिलाफ 28 वनडे मैचों में अख्तर ने 4/36 की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के साथ 41 विकेट लिए।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
