नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान साैरव गांगुली ने क्रिकेट जगत में अलग ही धाक जमाई हुई है। जब खेलते थे तो विरोधी टीमों को मात देने के लिए पूरा जोर लगा देते थे। अब गांगुली बीसीसीआई के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे हैं। गांगुली जब से अध्यक्ष बने हैं तब से भारतीय क्रिकेट बदलता नजर आ रहा है। घरेलू खिलाड़ियों के वेत में बढ़ाैतरी भी हुई तो टीम में एकजुटता पहले से कई अधिक दिखने लगी। गांगुली की खूबियां देख इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज डेविड गॉवर ने भविष्यवाणी करते हुए कहा किए एक दिन गांगुली ICC के अध्यक्ष बनेंगे।
गॉवर ने यह बात फैन्स इंटरैक्टिव शो ग्लोफैन्स के साथ किए इंटरव्यू के दाैरान कही। उन्होंने कहा कि गांगुली एक दिन खुद को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में पाएंगे लेकिन उनका यह भी मानना है कि बीसीसीआई का कार्यभार संभालना किसी भी दिन एक बड़ा काम है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान गॉवर ने गांगुली की बीसीसीआई के शीर्ष बॉस के रूप में नियुक्ति के समर्थन में प्रशंसा की है। गॉवर ने स्वीकार किया कि दादा के नाम से मशहूर गांगुली एक दिन आईसीसी अध्यक्ष बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि गांगुली के पास सभी गुण हैं जो एक अच्छे प्रशासक के लिए जरूरी हैं।
गॉवर ने कहा, "मैं आपको सौरभ के बारे में क्या बता सकता हूं। मैंने वर्षों से उनके साथ कई बार बातचीत की है । वह एक बहुत ही बेहतरीन खिलाड़ी थे और उनके रिकॉर्ड खुद गवाह हैं। एक बात जो मैंने पिछले कुछ वर्षों में सीखी है, वह यह है कि अगर आप बीसीसीआई को चलाने जा रहे हैं, तो आपमें कई चीजें होनी चाहिए। उनकी जैसी प्रतिष्ठा है, वह बहुत अच्छी शुरुआत है, लेकिन आपको बहुत ही विनम्र राजनीतिज्ञ होने की आवश्यकता है।