
बीसीसीआई के सीईओ से हुई मुलाकात
सीएसी ने अनिल कुंबले के नाम को अपना समर्थन दिया है, इस कमेटी में सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण हैं। इन तीनों ही सदस्यों ने बीसीसीआई के सीईओ राहुल जौहरी के साथ लंदन में मुलाकात करके अपना मत साफ कर दिया है। श्रीलंका के खिलाफ मैच के बाद तीनों दिग्गजों ने राहुल जौहरी के साथ मुलाकात की थी। ऐसे में माना जा रहा है कि भारत आज टीम इंडिया के कोच के मुद्दे पर चल रही बहस को विराम लगा सकता है।

12 महीनों के लिए था करार
अनिल कुंबले को 12 महीनों के लिए 2016 में टीम इंडिया का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था, उनका मौजूदा कार्यकाल 20 जून को खत्म हो रहा है, यह चैंपियंस ट्रॉफी के समापन के ठीक दो दिन बाद खत्म होगा, ऐसे में टीम इंडिया के नए कोच की घोषणा इस तारीख से पहले की जानी है, जिसके लिए सीएसी के तीनों सदस्यों ने बीसीसीआई के सीईओ से मुलाकात करके अपनी राय साफ कर दी है।

पांच लोग थे दावेदार
जिन पांच अन्य नामों को लेकर चर्चा चल रही थी, उसमे वीरेंद्र सहवाग, टॉम मूडी, रिचर्ड पाईबस, लालचंद राजपूत और डोडा गणेश थे। इन पांचों नामों को टीम इंडिया के अगले कोच के लिए दावेदार स्वीकार किया गया था, इन सभी उम्मीदवारों का साक्षात्कार किया जाना था। वहीं इन सबके बावजूद अनिल कुंबले ने अपने आवेदन को फिर से सामने रखा है, बावजूद इसके कि बीसीसीआई ने उनसे कहा था कि उन्हें सीधे इस पूल में प्रवेश मिल जाएगा।

कोहली-कुंबले के बीच था विवाद
अनिल कुंबले के नाम पर तीनों ही दिग्गजों की मंजूरी के बाद अब टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और बोर्ड के सदस्यों से गांगुली, लक्ष्मण, सचिन मुलाकात करेंगे। पिछले दिनों आई खबरों की मानें तो विराट कोहली अनिल कुंबले से नाखुश चल रहे थे, लेकिन जिस तरह से खुद विराट कोहली ने इन तमाम खबरों का सामने आकर खंडन किया उसने इन तमाम विवादों पर लगाम लगा दी।

सहवाग थे रेस में आगे
इन सबके बीच जो बात सामने आई है कि कुंबले के बाद वीरेंद्र सहवाग कोच के लिए दूसरे सबसे पसंदीदा उम्मीदवार के तौर पर सामने आए हैं। आपको बता दें कि मौजूदा समय में टीम इंडिया चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा ले रही है, पहला मैच पाकिस्तान के खिलाफ जीतने के बाद भारतीय टीम श्रीलंका के हाथों हार गई, जिसके बाद रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाला मैच भारत के लिए काफी अहम हो गया है, अगर इस मैच में भारत हार जाता है तो वह चैंपियंस ट्रॉफी से बाहर हो जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications