इस खिलाड़ी ने कभी फुटबॉल में ली थी हैट्रिक अब टेस्ट मैच में रच दिया इतिहास
ओवल। अधिकृत रूप से पांच दिन तक चलने वाले टेस्ट क्रिकेट में हैट्रिक लेना किसी गेंदबाज के लिए सपना पूरा होने जैसा होता है। कुछ ऐसा ही कमाल किया है इंग्लैंड के इस धाकड़ स्पिन गेंदबाज ने, जिसने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया है। जी हां, हम बात कर रहे हैं इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली की, अली की हैट्रिक की वजह से चार टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में इंग्लैंड ने साउथ अफ्रीका को 239 रनों से हरा दिया।
इस जीत के साथ ही सीरीज में वापसी करते हुए इंग्लैंड ने 2-1 से बढ़त बना ली है। तीसरे टेस्ट के चौथे दिन लंच ब्रेक के बाद 492 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका की पूरी टीम 252 रनों पर ढ़ेर हो गई।

क्रिकेट करियर की पहली हैट्रिक है कमाल
इंग्लैंड के स्पिनर मोईन अली ने अपने टेस्ट करियर की पहली हैट्रिक लगाई। उन्होंने दूसरी पारी के 76वें ओवर की पांचवीं गेंद पर डीन एल्गर को क्लीन बोल्ड कर दिया। एल्गर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 228 गेंद पर 136 रन की पारी खेली थी। इसके बाद छठी गेंद पर मोइन ने कैसिगो रबादा को बिना खाता खोले ही पवेलियन वापस भेज दिया। अली ने तीसरा विकेट 78वें ओवर की पहली गेंद पर लिया। उन्होंने मोर्ने मोर्कल को शून्य पर एलबीडब्ल्यू आउट किया।

ऐतिहासिक 100वें टेस्ट में अली ने लगाई हैट्रिक
आपको बता दें कि अली की हैट्रिक बाकी किसी भी खिलाड़ी की हैट्रिक से इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने ऐसे मैदान पर ये कारनामा किया है जो खुद में इतिहास दर्ज करवा रहा था। जी हां, दरअसल मोईन अली ने इंग्लैंड के 'द ओवल' में हैट्रिक ली जोकि इस स्टेडियम का ऐतिहासिक 100वां टेस्ट था।

और हैट्रिक लेते ही रच दिया इतिहास
हैट्रिक लेते ही मोईन अली टॉम गॉडार्ड (1938) के बाद इंग्लैंड की तरफ से हैट्रिक लेने वाले दूसरे ऑफ स्पिनर बन गए हैं। साथ ही मोईन अली हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 43वें गेंदबाज बन गए हैं, वहीं ओवल के मैदान में हैट्रिक लेने वाले मोईन पहले गेंदबाज हैं।

फुटबॉल में लगा चुके हैं हैट्रिक
अली ने मैच के बाद बताया कि भले ही क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में ये मेरी पहली हैट्रिक हो लेकिन मैंने इससे पहले भी हैट्रिक लगा रखी है। उन्होंने कहा, "मैंने आज तक क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में हैट्रिक नहीं ली थी हालांकि इस दौरान मैंने फुटबॉल के अभ्यास मैचों में हैट्रिक लगा रखी थी लेकिन क्रिकेट में ये पहली बार है। हैट्रिक लेना एक बेहद शानदार एहसास है।"
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
