नई दिल्ली। और वो घड़ी आ ही गई जब क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर की किताब 'प्लेइंग इट माई वे' ऑफिशियली लांच हुई। बुधवार को दिल्ली के एक भव्य समारोह में 'भारत रत्न' सचिन तेंदुलकर ने कई दिग्गज क्रिकेट खिलाड़ियों की उपस्थिति में अपनी आत्मकथा 'प्लेइंग इट माई वे' का विमोचन किया।
क्रिकेट विशेषज्ञ हर्षा भोगले ने कार्यक्रम की मेजबानी की और मंच पर मौजूद दिग्गज खिलाड़ियों सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, वासु परांजपे के अलावा सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, वी.वी. एस. लक्ष्मण और खुद तेंदुलकर के साथ उनके जीवन और भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान पर बातचीत की।
सचिन ने अपनी किताब की पहली प्रति अपने कार्यक्रम से ठीक पहले अपनी मां को भेंट की, जिसकी तस्वीर उन्होंने ट्विटर पर शेयर की है और किताब की दूसरी प्रति सचिन ने अपने पहले कोच रमाकांत आचरेकर को भेंट की जो विमोचन के समय मंच पर मौजूद थे।
Gave the first copy of my book to my mother.Look of pride on her face was a priceless moment ! #PlayingItMyWayLaunch pic.twitter.com/tjU2bxN0sw
— sachin tendulkar (@sachin_rt) November 5, 2014 अपने किताब के बारे में बात करते हुए सचिन ने कहा कि यह पुस्तक मेरे लिए एक अलग तरह की पारी के समान है, जिस पर मैं पिछले तीन वर्षो से काम कर रहा था। अपने खेल की ही तरह मैंने इस पुस्तक में अपने जीवन के विभिन्न पहलुओं का ईमानदारी के साथ वर्णन किया है। उम्मीद करता हूं पाठक इस पुस्तक का लुत्फ उठाएंगे।"
इस किताब का प्रकाशन हैचेट इंडिया ने किया है, किताब सचिन तेंदुलकर की है, इसलिए इस किताब को खरीदने के लिए लोगों में होड़ मच गई है। आपको जानकर हैरत होगी कि सचिन की इस आत्मकथा ने रिलीज के पहले ही दिन हार्डबैक पुस्तक की बिक्री के भारत में सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पुस्तक की हार्डबैक प्रति की एक लाख प्रतियां रिलीज की गई हैं।
हार्डबैक के अलावा सचिन की इस आत्मकथा का ईबुक संस्करण गुरुवार को रिलीज होगा। पुस्तक का मराठी, हिंदी, गुजराती, मलयालम और बांग्ला जैसी विभिन्न भारतीय भाषाओं में आडियो संस्करण भी अगले वर्ष के शुरुआत में रिलीज हो जाएगा।
मालूम हो कि तेंदुलकर की किताब ने पहले ही काफी चर्चा बटोर ली है। खासकर पूर्व कोच ग्रैग चैपल से जुड़े विषय ने सबका ध्यान आकर्षित किया। सचिन ने इस किताब में अपने करियर के कई कहे-अनकहे लम्हों को शामिल किया है। इसलिए लोगों को लगता है कि इस किताब के जरिये बहुत सारे अनछुए राजों से पर्दा उठेगा।