नए अवतार में धोनी: पुराने दोस्तों संग माही ने की मस्ती, खाना भी खाया
खड़गपुर। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का हर अंदाज बेहद खास होता है। जब तक भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे तो अपने फैसलों से फैन्स को चौंकाते रहे अब जिस समय वह टीम इंडिया के कप्तान नहीं हैं, उनका मिजाज बदला-बदला सा देखने को मिल रहा है। इस नए अवतार में धोनी अपने पुराने मित्रों से मिलते-जुलते, मस्ती करते और साथ में खाना खाते हुए नजर आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्धी के बाद धोनी का ये अंदाज जहां उनके दोस्तों को पसंद आ रहा है वहीं खुद उनके फैन्स भी माही के इस अंदाज की सराहना कर रहे हैं।
कोलकाता में अपने पुराने दोस्तों से धोनी ने की मुलाकात
महेंद्र सिंह धोनी इस समय विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड टीम की कप्तानी कर रहे हैं। जहां उन्होंने छत्तीसगढ़ के खिलाफ शतक जमाया है। इस दौरान धोनी ने खड़गपुर के अपने दोस्तों के साथ समय बिताया। इतना ही नहीं उनके साथ खाना भी खाया।

टीम इंडिया का कप्तान रहने के दौरान दोस्तों से दूर हो गए थे माही
कुछ समय पहले जब महेंद्र सिंह धोनी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान थे तो सुरक्षा व्यवस्था और व्यस्तताओं की वजह से दोस्तों को समय नहीं दे पाते थे। उस समय धोनी आईपीएल में भी एक टीम के कप्तान थे। उन हालात में शायद ही कभी कोलकाता में अपने दोस्तों से उनकी मुलाकात ठीक ढंग से हो पाई होगी। अब जबकि वो दोनों ही पद पर नहीं तो अपना समय दोस्तों के साथ बिताने से पीछे हटते नजर नहीं आ रहे हैं।

खड़गपुर के दोस्तों संग धोनी ने खाया खाना
कोलकाता के ईडन गार्डन में मैच खेलने पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी से मिलने के लिए उनके पुराने दोस्त, खड़गपुर में उनके रुममेट, साथ ही साथ खड़गपुर में टी-स्टाल के मालिक भी अपने माही और खड़गपुर रेलवे स्टेशन के पूर्व टिकट कलेक्टर से मिलने पहुंचे। माही ने भी उन्हें निराश नहीं किया। पहले ईडेन गार्डन के बाहर मुलाकात की, हालांकि वहां सुरक्षा वजहों से मुलाकात ज्यादा लंबी नहीं चली तो उन्होंने अपने दोस्तों को होटल में मिलने के लिए बुलाया। जहां उन्होंने अपने दोस्तों के साथ डिनर भी किया।

कोलकाता से माही का है खास नाता
टी-स्टाल के मालिक बताते हैं कि वो अकसर माही के लिए अलग से दूध रखते थे, जिसे धोनी पीते थे। कोलकाता से महेंद्र सिंह धोनी का हमेशा खास संबंध रहा है। उन्होंने जूनियर क्रिकेट कोलकाता में ही खेली थी। यहां से वो खड़गपुर में रेलवे से जुड़े और कोलकाता में उनके कई दोस्त भी बने।

जब धोनी ने की ट्रेन से यात्रा
महेंद्र सिंह धोनी ने कोलकाता में ही पहला रणजी ट्रॉफी का शतक बनाया, जब 2001 में बिहार के लिए उन्होंने 114 रनों की नाबाद पारी खेली। ये कोलकाता ही था जहां धोनी अपनी पत्नी साक्षी से मिले। कुल मिलाकर धोनी एक बार फिर पुराने रंग में दिखाई दे रहे हैं। जहां वो अपने मित्रों, दोस्तों से मुलाकात कर रहे हैं, खाना खा रहे हैं। ट्रेन में यात्रा कर रहे हैं। ये बेहद खास है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications