मशाल विरोध से ओलंपिक उत्साह में कमी आएगी : संयुक्त राष्ट्र सलाहकार
न्यूयॉर्क, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। जर्मनी के पूर्व फुटबॉल मैनेजर और संयुक्त राष्ट्र के नव नियुक्त विशेष खेल सलाहकार विली लैम्के बीजिंग ओलंपिक के बढ़ रहे विरोध से प्रतियोगिता को बचाने के लिए जल्द ही चीन का दौरा करेंगे।
लैम्के ने कहा, "मैं इस विवाद को और बढ़ने से रोकना चाहता हूं। यदि यह तस्वीरें (मशाल दौड़ संबंधी) अगस्त तक इसी तरह दुनिया भर में दिखाई जाती रहीं तो ओलंपिक खेलों के लिए किसी का उत्साह बाकी नहीं रहेगा और यह बहुत गलत होगा।"
संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की-मून के साथ अपनी पहली बैठक के बाद लैम्के ने कहा, "हमें समझदारी, गंभीरता और कूटनीतिक तरीके से हालात को समझना चाहिए।"
जर्मनी में शीर्ष खेल अधिकारी के तौर पर रह चुके लैम्के का कहना है कि वह मशाल दौड़ के दौरान धावकों को पेश आ रही समस्याओं के समाधान की दिशा में भी काम करेंगे।
ओलंपिक मशाल दौड़ के अगले चरण में बुधवार को अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को में विरोध प्रदर्शनों का आयोजन किया गया है।
इस दौरान दक्षिण अफ्रीकी नेता बिशप डेसमंड टूटू और अभिनेता रिचर्ड गेर प्रदर्शनकारियों की अगुवाई करेंगे।
लैम्के ने कहा है कि वह खेलों के आम बहिष्कार के विरुद्ध हैं और ओलंपिक समिति खेल के संबंध में यूएन चार्टर और सहस्राब्दी लक्ष्यों के उद्देश्यों और मूल्यों के प्रति वचनबद्ध है।
लैम्के के अनुसार उनकी भूमिका खेल के पैरोकार के अतिरिक्त, मीडिया और खेल मंडलों और संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों के बीच एक मध्यस्थ की रहेगी।
वह खुद को बातचीत में सहयोगी के तौर पर मानते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications