मुबंई। भारत के रत्न सचिन तेंदुलकर ने सूखाग्रस्त महाराष्ट्र के किसानों की मदद करने का फैसला किया है। ऐसी खबर है कि सचिन अब किसानों की मदद को आगे आये हैं और इसी कारण सचिन के निजी सहायक नारायण कनहान ने हाल ही में महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा किया है।
टीवी चैनलों पर प्रसारित खबरों की मानें तो सचिन स्वतंत्र रूप से पीड़ित किसानों की मदद करना चाहते हैं, उन्हें किसी राजनीतिक दल ने ऐसा करने को नहीं कहा है। सचिन तेंदुलकर मुख्य रूप से सिंचाई, बिजली, सड़क निर्माण, पीने के साफ पानी आदि को लेकर किसानों की मदद करना चाहते हैं।
पिछले काफी समय से सचिन तेंदुलकर देश के कई सामाजिक इवेंट में बढ़चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। फिलहाल देखते हैं कि सचिन की इस पहल से किसानों का दर्द कम होता है या नहीं।