विश्व कप में ग्रुप ए से फ़्रांस और दक्षिण अफ़्रीक़ा अंतिम सोलह से बाहर हो गए हैं जबकि उरूग्वे और मैक्सिको की टीमें दूसरे दौर में पहुंच गई हैं.
मंगलवार को पहले दो मुक़ाबलों में फ़्रांस का वहीं हस्र हुआ जिसकी आशंका थी. ब्लूमफोंटेन में खेल गए मुक़ाबले में फ़्रांस की टीम मेज़बान दक्षिण अफ़्रीक़ा से 2-1 से हार गई.
फ़्रांस इस हार के साथ ही अंतिम 16 से से बाहर हो गया है, लेकिन दक्षिण अफ़्रीक़ा की जीत भी किसी काम की नहीं रही, वो भी दूसरे दौर में नहीं पहुंच सका.
विश्व कप के इतिहास में दक्षिण अफ़्रीक़ा पहली ऐसी टीम है जो दूसरे दौर से पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो गई है.
फ़्रांस की टीम पर आसपी मतभेद का असर छाया रहा और इसका फ़ायदा उठाते हुए दक्षिण अफ़्रीक़ा की टीम खेल में हर समय फ़्रांस पर हावी रही.
दक्षिण अफ़्रीक़ा ने पहला गोल खेल के पहले हाफ़ के 20वें मिनट में किया जबकि दूसरा गोल 37वें मिनट में किया.
दूसरे हाफ़ में दक्षिण अफ़्रीक़ा की टीम कोई गोल नहीं कर सकी, जबकि फ़्रांस ने दूसरे हाफ़ में मैच में वापसी करने की कोशिश की, लेकिन एक से अधिक गोल नहीं कर सकी. फ़्रांस ने अपना पहला और अंतिम गोल 70वें मिनट में किया.
रस्टेनबर्ग के मुक़ाबले में उरूग्वे ने मैक्सको को 1-0 से शिकस्त दी है. लेकिन मैक्सिको ये मैच हार कर भी अंतिम 16 में जगह बनाने में कामयाब रहा.
उरूग्वे पहले ही अंतिम 16 में पहूंच चुका था और ये मैच महज़ उसके लिए औपचारिकता मात्र थी.
दोनों टीमों ने गोल करने के कई नज़ीदीकी मौक़े गंवाए और मैक्सिको ने काफ़ी आक्रामक खेला और उसका गेंद पर क़ब्ज़ा भी 54 प्रतिशत रहा, लेकिन ये टीम लक्ष्य पर केवल दो निशाने साध सकी. मैक्सिको की टीम कोई गोल नहीं कर सकी.
जबकि उरूग्वे ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और मैच के पहले हाफ़ के आख़िरी समय में अपना पहला गोल किया जो विजयी गोल साबित हुआ.