नई दिल्ली। क्रिकेट के सबसे बड़े मैच फिक्सिंग मामले में फंसे संजीव चावला को दिल्ली की एक अदालत ने जमानत दे दी है। चावला दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान हैन्सी क्रोन्ये से जुड़े मैच फिक्सिंग मामलों में से प्रमुख आरोपी हैं। विशेष न्यायाधीश आशुतोष कुमार ने चावला को दो लाख रुपए के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानत के साथ 30 अप्रैल को राहत दी।
अदालत ने कहा कि आरोपी पिछले 76 दिनों से हिरासत में है और मामले में जांच पहले ही पूरी हो गई है। बहरहाल, अदालत ने चावला को मामले में जांच अधिकारी को अपनी आवाज और हस्तलेख का नमूना देने का निर्देश दिया। पुलिस के अनुसार चावला को फरवरी में लंदन से प्रत्यर्पित कर लाया गया था और वह पांच मैचों की फिक्सिंग में शामिल है। पुलिस ने अदालत को बताया था कि क्रोन्ये भी इस मामले में शामिल था। क्रोन्ये की 2002 में विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
ब्रिटेन की अदालत के दस्तावेजों में कहा गया है कि चावला का जन्म दिल्ली में हुआ और वह एक कारोबारी है जो 1996 में कारोबारी वीजा पर ब्रिटेन आया था लेकिन लगातार भारत की यात्राएं करता रहा।
बता दें कि साल 2000 में दक्षिण अफ्रीका की टीम दिवंगत कप्तान हैंसी क्रोनिये की कप्तानी में भारत दौरे पर आई थी। इस दौरे पर साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली थी जबकि 5 मैचों की वनडे सीरीज। टेस्ट सीरीज की कमान सचिन तेंदुलकर के हाथ में थी जिसमे भारत को 2-0 से हार का सामना करना पड़ा जबकि वनडे सीरीज की कमान सौरव गांगुली के हाथ में थी जिसमें भारत ने 3-2 से जीत हासिल की।
हालांकि बाद में जानकारी मिली कि वनडे सीरीज के दौरान 2 मैचों में फिक्सिंग की गई थी, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस ने दक्षिण अफ्रीका टीम के कैप्टन रह चुके दिवंगत हैंसी क्रोनिए और पांच अन्य के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी,, जिसमें हर्शल गिब्स और निकी बोए का नाम भी शामिल था। हालांकि इन दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने के कारण दिल्ली पुलिस को उनका नाम चार्जशीट से हटाना पड़ा।