श्रेयस अय्यर के पिता बोले- टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट है, सपना सच हो गया
कानपुर। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच वीरवार (25 नवंबर) को ग्रीनपार्क स्टेडियम में शुरू हुआ। इस मैच में 26 साल के श्रेयस अय्यर को डेब्यू करने का माैका मिला। श्रेयस के पिता संतोष अय्यर ने बेहद खुशी जताई है कि उनके बेटे को टेस्ट खेलने का माैका मिला। संतोष ने बताया कि कैसे उन्होंने अपने बेटे को टेस्ट क्रिकेट के लिए प्रेरित किया।
अय्यर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4 साल पहले ही डेब्यू कर लिया था, लेकिन वो टेस्ट खेलने का माैका नहीं पा सके थे। हालांकि, उन्हें अपने इंतजार का फल मिला और वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 303वें खिलाड़ी बन गए। उनके पिता ने कहा कि श्रेयस को टेस्ट क्रिकेट के लिए प्रेरित रखने के लिए उन्होंने 2017 से अपना व्हाट्सएप डीपी नहीं बदली है। संतोष अय्यर ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट ही असली क्रिकेट है। मैंने हमेशा सोचा था कि श्रेयस को टेस्ट खेलना चाहिए। हमारा वो सपना अब सच हो गया है। मैं और मेरी पत्नी आज बहुत खुश हैं।' श्रेयस को उनके टेस्ट डेब्यू के लिए अनुभवी क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने कैप दी थी।
यह भी पढ़ें- ये 3 भारतीय बल्लेबाज नहीं हो सकते अभी टीम से बाहर, खेलेंगे 2023 विश्व कप

व्हाट्सएप डीपी चार साल में नहीं बदली
श्रेयस को 2016-2017 के बीच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम में मौका मिला था। हालांकि, वह टेस्ट में डेब्यू नहीं कर सके क्योंकि उन्हें अंतिम 11 में मौका नहीं मिला। लेकिन भारत ने धर्मशाला में सीरीज 2-1 से जीत ली थी। श्रेयस की उस समय की सीरीज की ट्रॉफी पकड़े हुए एक फोटो उनके पिता ने पिछले 4 साल से अपने व्हाट्सएप डीपी पर रखा है। उस सीरीज से पहले श्रेयस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच में भारत ए के लिए खेलते हुए नाबाद 202 रनों की पारी खेली थी।

डेब्यू की उम्मीद नहीं की थी
संतोष अय्यर ने आगे कहा, ''मैंने तब से (2017) से वही डीपी रखी है। मैंने इसे नहीं बदला, क्योंकि मैं हमेशा श्रेयस के याद दिलाना चाहता था कि टेस्ट क्रिकेट खेलना ही उसका आखिरी लक्ष्य है। मैं वास्तव में खुश हूं कि ऐसा हो रहा है।' उन्होंने कहा, "हम हमेशा से चाहते थे कि वह टेस्ट क्रिकेट खेले। मैं श्रेयस से कहता था कि कोशिश करो और टेस्ट टीम में जगह बनाओ। ठीक ऐसा ही वह मुझसे हमेशा कहते थे। अब उनका टेस्ट डेब्यू है। हमने उनसे न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू की उम्मीद नहीं की थी। हमें उम्मीद है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेगा। उसके लिए यह शानदार मौका है जब टीम में ज्यादा दिग्गज नहीं हैं।''

बहन ने भी जताई खुशी
श्रेयस अय्यर के टेस्ट डेब्यू के बाद उनकी छोटी बहन श्रेष्ठा ने भी खुशी जाहिर की। उन्होंने गावस्कर श्रेयस को टेस्ट डेब्यू कैप देते हुए अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम स्टोरी पर 'माई हार्ट' कैप्शन के साथ पोस्ट की। घरेलू क्रिकेट में मुंबई का प्रतिनिधित्व कर रहे श्रेयस का अब तक का प्रथम श्रेणी करियर अच्छा रहा है। उन्होंने 54 प्रथम श्रेणी मैचों में 52.18 की औसत से 4592 रन बनाए हैं। इसमें उनके 12 शतक और 23 अर्द्धशतक शामिल हैं। अय्यर ने अपने पहले टेस्ट को खास बना लिया है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक वह 75 रन पर नाबाद हैं। उम्मीद है कि वह शतक भी पूरा कर लेंगे।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
