नई दिल्ली। इंग्लैंड महिला टीम की पूर्व विकेट कीपर साराह टेलर को ससेक्स ने बतौर कोचिंग स्टाफ नियुक्त किया है। वह आगामी सीजन से पहले ससेक्स क्रिकेट फाथवे की पुरुष टीम की साथ बतौर पार्ट टाइम कोच के रूप में जुड़ेंगी। बता दें कि सारा टेलर उन चुनिंदा महिला क्रिकेटरों में से एक हैं जिन्हें पुरुषों की टीम के कोच के तौर पर नियुक्त किया गया है। सारा टेलर से पहले एमिली मरेस्मो एंडी मरे को अपनी कोचिंग दे चुकी हैं, लेकिन बावजूद इसके महिलाओं का पुरुषों को कोचिंग देना आम बात नहीं है और यह काफी दुर्लभ है।
2019 में लिया था संन्यास
सारा टेलर के अलावा एशले राइट को भी बतौर कोच शामिल किया गया है। टेलर को बेहतरीन विकेट कीपर के तौर पर जाना जाता है, उन्होंने 30 साल की उम्र में 2019 में क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था। वह व्यक्तिगत चिंता की विषय से काफी लंबे समय से संघर्ष कर रही थी, जिसकी बाद उन्होंने संन्यास का ऐलान कर दिया था। लेकिन नई भूमिका मिलने के बाद एक बार फिर से टेलर क्लब के साथ जुड़ेगी।
नई जिम्मेदारी को लेकर उत्साहित सारा
नई जिम्मेदारी मिलने पर सारा टेलर ने कहा कि बेन ब्राउन और फिल साल्ट जैसे प्रोफेशनल खिलाड़ी पाथवे में हैं, हमारे पास ससेक्स में काफी प्रतिभावान विकेट कीपर हैं और मैं इन लोगों के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं। इन लोगों को उनके खेल में बेहतर करने के लिए मैं अपनी जानकारी और अनुभव को साझा करूंगी। मैं चीजों को सामान्य रखने में भरोसा करती हूं और बुनियादी चीजों को सही करने पर विश्वास रखती हूं, लिहाजा मुझे उम्मीद है कि खिलाड़ी मेरे साथ कोचिंग का आनंद लेंगे और उनकी विकेटकीपिंग बेहतर होगी।
सबसे सफल विकेटकीपर
बता दें कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में टेलर ने 13 साल के अपने लंबे करियर में 226 कैच लपके हैं। उनके नाम सर्वाधिक कैच और स्टंपिंग का रिकॉर्ज दर्ज है। टेलर ने इंग्लैंड की ओर से खेलते हुए क्रिकेट के सभी प्रारूप में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 6500 रन भी बनाए हैं। उन्होंने वूमेंस क्रिकेट सुपर लीग में सरे स्टार्स की ओर से अपना आखिरी मैच 2019 में खेला था। सारा टेलर को यह जिम्मेदारी मिलने के बाद हर्षा भोगले ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि मैं उस दिन का इंतजार कर रहा हूं जब पुरुषों को महिलाएं कोचिंग दें और यह खबर नहीं बने, फिलहाल पुरानी परंपरा को तोड़ते हुए इस उपलब्धि के लिए मैं सारा टेलर को बधाई देता हूं।