INDvNZ, 4th ODI: न्यूजीलैंड ने एकतरफा मुकाबले में भारत को 8 विकेट से रौंदा

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैच की सीरीज का चौथा वनडे न्यूजीलैंड ने एकतरफा अंदाज में जीत लिया। भारत को मैच में 8 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी। टीम इंडिया ने टॉस हारकर हेमिल्टन में पहले बल्लेबाजी करते हुए 30.5 ओवर में केवल 92 रन ही बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम ने केवल दो विकेट के नुकसान पर 14.4 ओवर में आसानी से यह लक्ष्य हासिल कर लिया। इसके साथ ही इस सीरीज में भारत अब 3-1 से आगे हो गया है।
विराट कोहली की गैर मौजूदगी में खेल रही भारतीय टीम की हालत इस मैच में शुरु से ही खस्ता रही। गेंदबाजों की मददगार पिच पर टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला केन विलियमसन के लिए काफी फायदेमंद साबित हुआ। ट्रेंट बोल्ट और कोलिन डि ग्रैंडहोम ने न्यूजीलैंड की ओर से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खासकर बोल्ट के आगे सभी भारतीय बल्लेबाज नतमस्तक नजर आए। सेडॉन पार्क में चारो तरफ बोल्ट का ही करंट छाया हुआ था। अपने 10 ओवर के लंबे स्पैल में केवल 21 रन देकर 5 विकेट झटकने वाले बोल्ट का प्रदर्शन लंबे समय तक टीम इंडिया याद रखेगी। बोल्ट को मैन ऑफ द मैच दिया गया है।
इसके साथ ही यह भारतीय टीम का 7वां सबसे कम वनडे स्कोर बन गया है। भारत का सबसे कम वनडे स्कोर अब तक श्रीलंका के खिलाफ शारजहां में बनाया गया था। तब भारतीय टीम केवल 54 रन ही बनाकर आउट हो गई थी। बता दें कि सीरीज में पहली बार भारतीय शीर्ष क्रम धराशाई हुआ है। कोहली की गैरमौजूदगी में शिखर-रोहित के सस्ते में आउट होने के बाद रायडू और कार्तिक जैसे बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। जबकि अपना पहला मैच खेल रहे शुभमन गिल भी केवल 9 रन बनाकर बोल्ट का शिकार बने।
इसके बाद केदार जाधव और भुवनेश्वर कुमार भी केवल एक ही रन बनाकर आउट हो गए। बाद में हार्दिक पांड्या भी कुछ खास नहीं कर सके। निचले क्रम पर कुलदीप और चहल ने कुछ रन बनाकर जरूर भारत को जल्दी आउट होने से बचाया। चहल ने 18 रन बनाए और अंत तक आउट नहीं हुए। बोल्ट के अलावा कोलिन डि ग्रैंडहोम ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए।
पांच मैचों की सीरीज के शुरुआती तीनों मैच जीतकर भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त पहले ही ले ली है। धोनी अब तक फिट नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा कीवी टीम ने साउदी, फर्ग्युसन और मुनरो को टीम से बाहर किया है। जबकि जिमी नीशाम और टॉड एस्टल जैसे खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया गया है। विराट कोहली की अनुपस्थिति में टीम की अगुवाई करने वाले रोहित का ये 200वां वनडे मैच था। ऐसा करने वाले वे भारत के 14वें क्रिकेटर बन गए हैं। भारत ने इस मैच में पंजाब के होनहार युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को मौका दिया। इसके अलावा मोहम्मद शमी की जगह पर खलील अहमद को मौका मिला।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
