नई दिल्ली। बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपने स्वास्थ्य को लेकर बड़ी जानकारी साझा की है। सौरव गांगुली ने कहा कि अब वो फिट और फाइन महसूस कर रहे हैं, स्वास्थ्य की चिंता इतनी बड़ी नहीं थी जितनी गंभीर लोगों ने सोची। बता दें कि सौरव गांगुली को 2 जनवरी को कोलकाता के वुडलैंड्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सौरव गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उनकी एंजियोप्लास्टी कराई गई और पांच दिन के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
अस्पताल से डिस्चार्ज होने के 20 दिन बाद एक बार फिर से सौरव गांगुली को सीने में दर्द की शिकायत हुई और फिर से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद भी फिर से दूसरी बार सौरव गांगुली को 28 जनवरी को एंजियोप्लासीट कराना पड़ी। सौरव गांगुली की एंजियोप्लास्टी जानेमाने कार्डियाक सर्जन देवी शेट्टी ने किया। सौरव गांगुली के सीने में दो स्टेंट लगाए गए और कुछ दिन की निगरानी के बाद सौरव गांगुली को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।
सौरव गांगुली ने कहा कि अब मैं पूरी तरह से ठीक हूं, हां थोड़ा डर था लेकिन सौभाग्य से यह इतना डरावना नहीं था जितना लोगों ने सोचा। मैं पूरी तरह से फिट और फाइन हूं और मैं काम पर वापस लौट आया हूं। भारत में फिर से इंटरनेशनल क्रिकेट की शुरुआत होने पर सौरव गांगुली ने कहा कि हम चाहते थे कि फैंस एकबार फिर से स्टेडियम में वापस लौटें, चेन्नई टेस्ट में दर्शकों ने भारत की 317 रन से जबरदस्त जीत को देखा।
बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि हम चाहते थे कि मैदान में फैंस वापस लौटे, हम पहले टेस्ट में ही दर्शकों को आने की अनुमति दे सकते थे, लेकिन हमने तमिलनाडु क्रिकेट असोसिएशन के फैसले के साथ जाने का निर्णय किया। तमिलनाडु क्रिकेट असोसिएशन का कहना था कि पहले टेस्ट में देखते हैं कि सबकुछ कैसा रहता है, हम लंबे समय के बाद क्रिकेट का आयोजन करने जा रहे थे, इसलिए दूसरे टेस्ट में दर्शकों को आने की अनुमति दी गई।