बेंगलुरू। टी-20 क्रिकेट में जिस तरह से बल्लेबाज आक्रामक हो गये हैं उसका अंदाजा अंपायरों को भी है। इसी को ध्यान में रखते हुए अंपायरों ने अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनकर मैदान पर उतरे।
यह पहली बार दिखा है कि जब अंपायर मैदान पर हेलमेट पहनकर उतरे। यह विजय हजारे ट्राफी के दौरान बेंगलुरू में मैच में देखने को मिला। जहां भारतीय अंपायर पश्चिम पाठक हेलमेट पहनकर मैदान पर अंपायरिंग करने उतरे।
पाठक के हेलमेट पहनने के पीछे की बड़ी वजह है हाल ही में तमिलनाडु में रणजी मैच के दौरान वह ऑस्ट्रेलिया के अंपायर जॉन वार्ड के साथ मैदान पर थे और इसी मैच में वार्ड को सिर में चोट लग गयी थी।
पंजाब के बल्लेबाज बरेंद्र सरन के एक जोरदार शॉट से वार्ड के सिर के पीछे काफी तेज चोट लग गयी थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई अंपायर रसेल टफेल ने भी सुझाव दिया था कि अंपायरों को भी मैच के दौरान मैदान पर हेलमेट पहनना चाहिए। बहरहाल जिस तरह से गेल, डिविलियर्स जैसे बल्लेबाज गेंद को बुरी तरह से हिट करते हैं ऐसे में अंपायरों को भी हेलमेट पहनना गलत नहीं कहा जा सकता है।