बांग्लादेश आम टीम है: सहवाग
पहले भारत-बांग्लादेश टेस्ट मैच में भारत की कप्तानी करने जा रहे विरेंदर सहवाग ने कहा है कि बांग्लादेश एक आम टीम है और वह भारत को नहीं हरा सकती.
चटगांव में पत्रकारों से बातचीत के दौरान वीरेंदर सहवाग ने ये विचार व्यक्त किए हैं.
समाचार एजेंसियों के अनुसार वीरेंदर सहवाग का कहना था, "बांग्लादेश अन्य टीमों को वनडे में हैरान कर सकता है लेकिन टेस्ट क्रिकेट में नहीं. वह टेस्ट क्रिकेट में एक आम टीम है. मुझे नहीं लगता कि वे हमें हरा सकते हैं."
कई पर्यवक्षकों की राय में अतिआत्मविश्वास का परिचय देते हुए सहवाग का कहना था, "ये अतिआत्मविश्वास नहीं लेकिन बांग्लादेश 20 भारतीय विकेट नहीं ले सकता. श्रीलंका भी ऐसा नहीं कर पाया था. बांग्लादेश के लिए हमें हराना मुश्किल होगा."
जब उनसे बांग्लादेश की कमज़ोरियों के बारे में पूछा गया तो उनका कहना था, "उससे फ़र्क नहीं पड़ता. हमें विपक्ष की कोई परवाह नहीं. हम अच्छा खेल रहे हैं और भारत ने बांग्लादेश को (पाँच में से) चार टेस्ट मैचों में हराया है. हमें पूरी उम्मीद है कि हम पहले टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन करेंगे."
उनका कहना था कि सचिन, द्रविड़ और लक्ष्मण की टीम में वापसी के बाद टीम का हौसला बुलंद हुआ है.
बांग्लादेश से तीखी प्रतिक्रिया
उधर सहवाग की टिप्पणी पर बांग्लादेश की ओर से भी आक्रामक प्रतिक्रिया आई है.
बांग्लादेश की टीम के कोच जेमी सिड्न्स ने कहा, "उन्हें (सहवाग) को माइक से दूर रहना चाहिए. हर टीम का अच्छा और बुरा दौर होता है...हम कोई आम टीम नहीं हैं. हम इस सिरीज़ में यही दिखाने का प्रयास कर रहे हैं. उम्मीद है कि हम सहवाग को ग़लत साबित करेंगे."
बांग्लादेश के शाकिब अल हसन का कहना था, "वे (भारत) हाल में टेस्ट में रेंकिंग में नंबर एक पर पहुँचे हैं. लेकिन मेरे विचार में दक्षिण अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया उनसे बेहतर टीमें हैं. ये सच है कि वे अच्छा खेल रहे हैं लेकिन वे भी मानव हैं और ग़लतियाँ करेंगे."
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
