नई दिल्ली। अगले महीने की 14 तारीख से विश्वकप 2015 का आगाज होने जा रहा है जिसके मद्देनजर आज इंडिया की अंडर 15 टीम का ऐलान होगा। आज मुंबई में बीसीसीआई वर्ल्डकप 2015 के अलावा इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया के साथ होने वाली आगामी त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए भी टीम की घोषणा करेगी।
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक, विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय संभावित भारतीय टीम में आठ बल्लेबाजों और सात गेंदबाजों को शामिल किया जा सकता है। कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के अलावा एक और विकेटकीपर को जगह मिल सकती है।
विश्वकप 2015 की अंडर 15 टीम का ऐलान आज
वैसे कप्तान धोनी और उप कप्तान विराट कोहली के अलावा इस टीम में रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, रविचंद्रन अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, ईशांत शर्मा, मोहम्मद समी और उमेश यादव को शामिल किया जाना तय माना जा रहा है लेकिन आज सभी की निगाहें भारत के हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह पर टिकी हैं जिनको कि आज रविंद्र जडेजा की जगह मौका मिल सकता है।
जडेजा कंधे की चोट की वजह से संघर्ष कर रहे हैं ऐसे में रणजी के लगातार मैचों में तीन शतक जड़ने वाले युवी को टीम में शामिल करने की बात हो रही है खैर देखते हैं कि युवराज का साथ किस्मत देती है कि नहीं।
वैसे बल्लेबाजों में अंबाती रायडू, रोबिन उथप्पा और मुरली विजय भी चयन के लिए प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं, जबकि गेंदबाजी की दावेदारी में वरुण एरॉन, स्टुअर्ट बिन्नी और मोहित शर्मा के अलावा कर्ण शर्मा भी रेस में हैं। वैसे जडेजा की जगह भरने के लिए युवी के अलावा अक्षर पटेल भी रेस में हैं। फिलहाल विश्वकप 2015 की टीम का हिस्सा कौन होगा इस पर से पर्दा बस थोड़ी देर में ही उठ जायेगा।