नई दिल्ली। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान खेलों में काफी दिलचस्पी रखते हैं, यही वजह है कि शाहरुख खान ने इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी को खरीदा और इसके बाद सीपीएल में भी शाहरुख ने ट्रिंबागो नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी को खरीदा। लेकिन अब शाहरुख खान अमेरिका में शुरू होने जा रही क्रिकेट लीग में टीम खरीदने जा रहे हैं। अमेरिका क्रिकेट एंटरप्राइसेज ने खुद इस बात की घोषणा की है कि नाइट राइडर्स फ्रेंजाइजी मेजर लीग क्रिकेट में बड़े निवेशक की भूमिका निभाएगी। बता दें कि शाहरुख खान नाइट राइडर्स के सह मालिक हैं।
मेजर लीग क्रिकेट में निवेश के साथ ही शाहरुख खान ने सबसे बड़े मीडिया मार्केट में उतरने का फैसला कर लिया है। खुद कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से भी इस बाबत जानकारी दी गई है। केकेआर के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करके लिखा गया है, हेलो यूएसए। हमारी नाइट राइडर्स फैमिली अब अमेरिका में भी अपना विस्तार करने के लिए तैयार है। केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने ट्वीट करके लिखा, इस बात की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि नाइट राइडर्स और अमेरिकन क्रिकेट एंटरप्राइसेस के बीच पार्टनरशिप होने जा रही है। अमेरिका में टी-20 क्रिकेट में बेहतर प्रदर्शन पर हमारी नजर है।
गौरतलब है कि केकेआर के सीईओ वेंकी मैसूर ने पिछले वर्ष कहा था कि हमे दुनियाभर के अलग-अलग खेली लीग में निवेश करने के लिए हमे प्रस्ताव मिल रहे हैं। अमेरिका को दुनिया के सबसे बड़ी मीडिया मार्केट के तौर पर जाना जाता है । इससे हमे अलग अवसर मिलेंगे। अमेरिका में भी क्रिकेट अच्छा बाजार है, यही नहीं अमेरिका में कई ऐसे ब्रांड्स हैं जोकि क्रिकेट को अपने ब्रांड के प्रचार के लिए एक अच्छे मंच के रूप में देखते हैं।