ओवल : इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के चाैथे मैच भी शार्दुल ठाकुर का कमाल देखने को मिला। भारत की दूसरी पारी में टीम को 466 तक का स्कोर हासिल करने में जहां ओपनर रोहित शर्मा (127) का अहम रोल रहा तो शार्दुल ने भी 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 72 गेंदों में 60 रन जड़कर टीम को जल्दी ऑलआउट होने से बचाया। यह शार्दुल का लगातार दूसरा अर्धशतक शतक है। उन्होंने पहली पारी में 57 रन बनाए थे। इसी के साथ शार्दुल ने नया कमाल कर दिखाया है।
दरअसल, शार्दुल टेस्ट इतिहास में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए दोनों पारियों में अर्धशतक बनाने वाले छठे क्रिकेटर बने। उनसे पहले भारतीय क्रिकेटरों में हरभजन सिंह और रिद्धिमान साहा ऐसा कर चुके हैं। पहली पारी में शार्दुल ने मात्र 31 गेंदों में अर्धशतक बनाया था, जो भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में दूसरा सबसे तेज अर्धशतक रहा। उनसे पहले 1982 में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ कपिल देव ने सबसे तेज 30 गेंदों में रन बनाए।
इसके अलावा शार्दुल 2015 से SENA देशों के खिलाफ दोनों पारियों में फिफ्टी ठोकने वाले तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा दो-दो बार दोनों पारियों में अर्धशतक लगा चुके हैं। वहीं अब शार्दुल ने ऐसा किया है।
2015 से SENA देशों के खिलाफ दोनों पारियों में फिफ्टी ठोकने वाले भारतीय-
विराट कोहली, बर्मिंघम, 2018
विराट कोहली, नॉटिंघम, 2018
चेतेश्वर पुजारा, एडिलेड, 2018
चेतेश्वर पुजारा, सिडनी, 2011
शार्दुल ठाकुर, द ओवल, 2021
खास बात यह है कि शार्दुल का बल्ला उस समय रन बरसाता है जब टीम मुश्किल में पड़ती है। जनवरी में आस्ट्रेलिया के खिलाफ गावा टेस्ट में एक समय टीम मुश्किल में थी। टीम ने पहली पारी में 6 विकेट 186 के स्कोर पर खो दिए थे। फिर शार्दुल ही थे जिन्होंने 115 गेंदों में 67 रनों की पारी खेल टीम का स्कोर 336 तक पहुंचाया। इस मैच को भारत ने 3 विकेट से जीता था। अब ओवल में भी शार्दुल के दोनों अर्धशतक ऐसे समय आए जब टीम को रनों की सख्त जरूरत थी।