
धोनी के चयन पर जानें क्या बोले शार्दुल ठाकुर
भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने आईसीसी के तीनों बड़े खिताब अपने नाम किये हैं, जिसके चलते इस बड़े स्तर पर उनका अनुभव टीम के लिये मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है। कई दिग्गजों का मानना है कि भारतीय टीम ने पिछले कुछ आईसीसी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन फिनिश लाइन को पार नहीं कर पा रही है, ऐसे में धोनी की ड्रेसिंग रूम में मौजूदगी उस फिनिश लाइन को पार करने में मददगार साबित होगी। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज और हरफनमौला खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर भी उन्हीं लोगों में से हैं जो धोनी की मौजूदगी को टीम के लिये फायदेमंद मानते हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस के साथ बात करते हुए शार्दुल ठाकुर ने कहा,'मैं इस निर्णय से बहुत खुश हूं। मुझे माही भाई के साथ खेलते हुए लगभग 3 साल हो गये हैं और मैं अच्छे से जानता हूं कि उनका अनुभव हमारी टीम के लिये मददगार साबित होगा। वह अपने साथ टीम की जीत के लिये कुछ और आइडियाज लेकर आयेंगे। मुझे लगता है कि उनके आने से विराट और रवि भाई को काफी मदद मिलेगी। माही भाई टीम की जीत के लिये पूछे जा रहे कठिन सवालों का जवाब ढूंढने में एक नया एंगल लेकर आयेंगे।'

पहली बार बिना धोनी के खेलने उतरेगी टीम इंडिया
गौरतलब है कि यह पहला टी20 विश्वकप होगा जिसमें पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भारतीय टीम की प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे। इससे पहले खेले गये सभी टी20 विश्वकप के दौरान भारत ने धोनी की कप्तानी में ही खेला था, जिसके पहले संस्करण में टीम चैम्पियन बनी थी। वहीं पर 2014 टी20 विश्वकप में उसे श्रीलंका के हाथों फाइनल में हार मिली थी तो 2016 टी20 विश्व कप में वेस्टइंडीज ने सेमीफाइनल से बाहर किया था। ऐसे में उनका अनुभव जाहिर तौर पर काफी मददगार साबित होने वाला है।

कोहली-धोनी-रोहित के आईपीएल अनुभव का भी मिलेगा फायदा
आपको बता दें कि टी20 विश्वकप से पहले यूएई में भारतीय खिलाड़ियों को आईपीएल के 14वें सीजन के बचे हुए मैचों का भी हिस्सा बनना है जिसमें धोनी सीएसके की ओर से टीम को चौथा खिताब दिलाने के लिये मैदान पर नजर आयेंगे। इस दौरान यूएई की पिचों और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए धोनी, विराट और रोहित शर्मा की तिकड़ी दुनिया की किसी भी टीम के लिये बड़ी चुनौती साबित होगी। उल्लेखनीय है कि शार्दुल ठाकुर को भारतीय टी20 विश्वकप टीम में रिजर्व प्लेयर के तौर पर शामिल किया गया है, हालांकि आईपीएल के दौरान वह बेहतर प्रदर्शन कर अंतिम 15 में भी जगह बना सकते हैं।


Click it and Unblock the Notifications
