काउंटी क्लबों ने मोदी पर लगे आरोपों को खारिज किया
क्लार्क ने कहा था कि मोदी ने इंग्लैंड में आईपीएल जैसी प्रतियोगिता जानबूझकर शुरू करने की तैयारी की थी क्योंकि वह चाहते थे कि इंग्लिश क्रिकेट का विभाजन हो जाए। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने ईसीबी की शिकायत पर इस मुद्दे पर भी मोदी के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वेस्टइंडीज में जारी ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए बारबाडोस पहुंचे क्लार्क ने यह बताने से इंकार कर दिया कि उन्होंने बीसीसीआई को किए गए ईमेल में किन बातों का उल्लेख किया है।
क्लार्क की शिकायत पर बीसीसीआई ने मोदी को एक बार फिर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मोदी को इसका जवाब देने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। इससे पहले भी मोदी पर 22 आरोप तय किए गए थे और उसके लिए भी उन्हें 15 दिनों की मोहलत दी गई थी।
क्लार्क का आरोप है कि मोदी ने वारविकशायर काउंटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कोलिन पोवे, यार्कशायर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्टीवर्ट रेगन और लंकाशायर क्लब की समिति के सदस्य डेविड हॉडकिस के साथ की गई बैठक के दौरान ईसीबी द्वारा प्रस्तावित ट्वेंटी-20 लीग के समानांतर एक लीग शुरू करने की बात की थी। मोदी ने यह भी कहा था कि आईपीएल इस लीग का समर्थन करेगा।
क्लार्क के मुताबिक बैठक में चर्चा हुई थी कि आईपीएल की सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमें इंग्लिश काउंटी क्लबों के लिए बोली लगाएंगी। इसके बदले काउंटी फ्रेंचाइजी टीमों के प्रति वर्ष 30 से 50 लाख डॉलर की गारंटी राशि और हर वर्ष लीग आयोजित कराने के लिए 15 लाख डॉलर अतिरिक्त दिए जाने थे।
समाचार पत्र 'द गार्जियन' की रिपोर्ट के मुताबिक यार्कशायर के अध्यत्र कोलिन ग्रेव्स ने मोदी पर लगाए गए आरोपों का खंडन किया है। उन्होंने कहा है कि उनका क्लब मोदी के साथ इंग्लिश क्रिकेट को विभाजित करने के लिए किसी गुप्त मकसद पर काम नहीं कर रहा है।
ग्रेव्स ने कहा, "ईसीबी अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। मोदी ने हमारे सामने किसी समानांतर लीग का कोई प्रस्ताव नहीं रखा। हम मोदी और कुछ अन्य काउंटी क्लबों के साथ मिलकर किसी गुप्त लीग को लेकर समझौता नहीं करने जा रहे हैं।"
उधर, यार्कशायर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेगन ने कहा है कि मोदी के साथ हुई बैठक क्रिकेट के विकास की दिशा में थी। उन्होंने कहा, "हम मोदी के साथ बातचीत के माध्यम से कुछ प्रायोजकों के साथ समझौता करना चाहते थे, जो हमारे लिए फायदे का सौदा होता। इसके अलावा हम आईपीएल के संचालन के बारे में काफी कुछ जानना चाहते थे।"
इस बीच, बीसीसीआई के सचिव एन. श्रीनिवासन ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि मोदी के खिलाफ दूसरा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। श्रीनिवासन ने अपने बयान में कहा, "ईसीबी प्रमुख क्लार्क द्वारा भेजे गए ईमेल में मिली शिकायत के आधार पर बीसीसीआई ने मोदी के नाम कारण बताओ नोटिस जारी किया है। क्लार्क ने इंग्लैंड में मोदी द्वारा प्रस्तावित समानांतर लीग को लेकर बीसीसीआई के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications