मोहाली। यहां खेले गए किंग्स इलेवन पंजाब और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले में सनराइजर्स के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज शिखर धवन चोटिल हो गए। दरअसल क्रिस गेल के शतक की बदौलत पंजाब ने हैदराबाद के सामने 194 रनों का लक्ष्य रखा। इस विशाल लक्ष्य को हासिल करने उतरी किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से शिखऱ धवन ओपनिंग करने आए लेकिन वे पारी के पहले ही ओवर में बरिंदर सरन की गेंद पर चोटिल होकर स्टेडियम के बाहर चले गए। जब यह गेंद लगी तो धवन एक शॉट खेलने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गेंद सीधा जाकर उनके हाथ के ऊपर लग गई। इसके बाद वह दर्द के कारण मैदान में बैठ गए। तुरंत मैदान में फिजियो को बुलाना पड़ा। टीम के साथी खिलाड़ी उनके पास पहुंच गए। थोड़ी देर बाद भी वह खेलने के लिए कम्फर्ट महसूस नहीं कर पा रहे थे, जिसके कारण वो रिटायर्ड हर्ट हो गए और मैदान से बाहर चले गए।
बता दें कि शिखर धवन हैदराबाद के लिए लगातार रन बनाते रहे हैं। ऐसे में उनका चोटिल होना टीम के लिए चिंता की बात हो सकती है। अन्य टीमों में भी कई विदेशी खिलाड़ी पहले ही चोट के कारण बाहर हो चुके हैं। सुरेश रैना जैसे खिलाड़ी भी चोट के कारण परेशान हैं तो महेंद्र सिंह धोनी पीठ के दर्द से जूझ रहे हैं। ऐसे में धवन की चोट ने हैदराबाद टीम की चिंताएं बढ़ा दी हैं। वह टीम के सबसे भरोसेमेंद बल्लेबाज हैं. डेविड वॉर्नर के बाद टीम की बल्लेबाजी काफी हद तक उन पर निर्भर करती है।
हालांकि अभी तक तय नहीं हुआ है कि धवन अगला मैच खेलेंगे या नहीं लेकिन अगर धवन की चोट ठीक नहीं होता है तो ये हैदराबाद के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। क्योंकि हैदराबाद धवन की मौजूदगी के चलते सबसे संतुलित टीम कही जा रही है।