बीजिंग में अमरीकी पर्यटक की हत्या
बीजिंग, 9 अगस्त: बीजिंग ओलंपिक खेलों के दौरान एक चीनी व्यक्ति ने अमरीकी वॉलीबाल टीम के कोच के साथ चीन गये एक पर्यटक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। साथ ही उसके परिवारजनों को भी घायल करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली।
इस वारदात को बीजिंग निवासी 47 वर्षीय तांज योगमिंग ने अंजाम दिया। पहले उसने बीच सड़क पर अमरीकी पर्यटक पर हमला किया और उसके बाद थर्टींथ सेंचुरी टावर से कूद कर जान दे दी। उसकी पहचान उसकी जेब में मिले पहचान पत्र से हुई।
इस घटना के बाद अमरीकी वॉलीबॉल टीम स्तब्ध है। उधर अमेरिका के व्हाइट हाउस ने चीन में अमरीकी खिलाडि़यों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
प्रदर्शनकारी हिरासत में
स्वतंत्रता को लेकर लड़ रहे तिब्बतियों का संघर्ष जारी है। बीजिंग ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में जहां पूरा चीन खुशियां मना रहा था, वहीं तिब्बतियों ने इस दिन को काले दिवस के रूप में मनाया।
इसी बीच ओलंपिक प्रतियोगिताओं के समय शनिवार को थियानानमेन चौक पर प्रदर्शन कर रहे पांच कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सूचना के मुताबिक चार प्रदर्शनकारी तिब्बत के झंडे में लिपटकर आए और चौराहे पर लेट गए, वहीं पांचवां प्रदर्शनकारी वहां इकट्ठा लोगों को बता रहा था कि वे चीनी सरकार से तिब्बत पर कब्जे को खत्म करने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने पांचों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों में तीन अमेरिकी और एक-एक जर्मनी व कनाडा के नागरिक हैं। उधर 'फ्री तिब्बत' संगठन ने कहा है कि चीन सरकार ओलंपिक की चकाचौंध में अपने बुरे कारनामों को दबाने का प्रयास कर रही है।
आयोजन स्थल पर तिब्बतियों का विरोध
उधर आयोजन स्थल पर भी तिब्बतियों का विरोध जारी रहा। ओलंपिक घुड़सवारी प्रतियोगिता के स्थल पर एक तिब्बती समर्थक छात्रा ने आयोजन स्थल पर तिब्बत का झण्डा फहरा कर ओलंपिक का विरोध किया। यह करने पर उसे तुरंत आयोजन स्थल से बाहर कर दिया गया।
विश्वविद्यालय की छात्रा क्रिस्टीना चान को प्रतियोगिता स्थल के नियम तोड़ने के कारण सुरक्षा बलों और पुलिस ने आयोजन स्थल से बाहर कर दिया। प्रतियोगिता स्थलों पर तिब्बती झंडे, राजनीतिक नारे और व्यावसायिक विज्ञापन प्रतिबंधित हैं।
प्रतियोगिता के प्रवक्ता मार्क प्रिकंस्टन के मुताबिक वो छात्रा दर्शकों को परेशान कर रही थी, जो नियमों के विरुद्ध है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
