कोलकाता, 29 नवंबरः सीने में संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हुये पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर को कल रात आठ बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, लेकिन उनका 30 नवंबर से यहां ईडन गार्डन में होने वाले दूसरे क्रिकेट टेस्ट में खेलना अभी अनिश्चय के भवंर में फंसा नजर आ रहा है.
अख्तर अपने होटल के कमरे की तरफ जाते हुये थके नजर आ रहे थे. पाकिस्तान के मीडिया मैनेजर एहसान मलिक ने यूनीवार्ता से कहा कि अख्तर को काफी एंटी.बायोटिक दिए गए थे और इन्हीं का उन पर असर दिखाई दे रहा है.
इस बीच टीम मैनेजर तलत अली ने कहा कि अख्तर की परेशानी खत्म हो चुकी है. वह आज रात पूरा विश्राम करेंगे और उसके बाद हम उनके बारे में फैसला करेंगे.