नई दिल्ली। भारत रत्न और शतकवीर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि देश का राष्ट्रगान केवल एक गीत नहीं बल्कि सम्मान की बात है और जब आप इसे गाते हैं तो आपका सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
सचिन ने कहा कि और उस समय की अनुभूति आप कर ही सकते जब हजारों की संख्या में लोग राष्ट्रगान गाते हैं। यह हमें एक धागे में जोड़ता है। सचिन ने कहा कि 2011 वर्ल्ड कप फाइनल से पहले दर्शकों से खचाखच भरे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में राष्ट्रगान गाना उनके करियर का सबसे गौरवपूर्ण लम्हा था।
तेंदुलकर ने कहा कि मेरे इससे जुड़े कुछ अनुभव हैं, पहला पाकिस्तान के खिलाफ हम मैच जीते थे और दूसरा साल 2011 विश्वकप के फाइनल मैच से पहले जब 60000 लोग एक साथ आपके साथ आपका राष्ट्रगान गा रहे थे, वो अद्भभुत वक्त था। मेरे कानों में आज भी वो आवाजें गूंजती हैं। जब मैदान पर आप जन गण मन.. गा रहे होते हैं तो आपका सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है।
सचिन ने यह बातें 'द स्पोर्ट हीरोज' एलबम के विमोचन के मौके पर कहीं। इस एलबम में देश की महान आठ खेल हस्तियों ने राष्ट्रगान गाया है। जिसमें तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा, महेश भूपति, हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै, फुटबाल स्टार बाईचुंग भूटिया, ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार शामिल हैं।
इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट
इस एलबम को इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स मैनेजमेंट ने लॉन्च किया।जिसके संस्थापक पूर्व भारतीय और मुंबई के क्रिकेटर नीलेश कुलकर्णी हैं।