नई दिल्ली। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को नए आयामों तक पहुंचाया है। कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया पिछली लगातार 9 सीरीज जीती हैं। लेकिन लगातार 10 सीरीज जीतने का सपना दक्षिण अफ्रीका ने तोड़ दिया। अफ्रीका से हारने के बाद हाल ही दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कोहली की कप्तानी को लेकर सवाल उठाये थे। लेकिन अब स्मिथ की बातों को भारतीय टीम के दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली ने नकारा है और उन्हें अपने तरीके से उम्दा जवाब भी दिया है।
अफ्रीका के क्रिकेट इतिहास के सबसे कामयाब कप्तान ग्रीम स्मिथ ने कहा था कि उन्हें इस बात का भरोसा नहीं है कि कोहली भारत के लिए लंबे वक्त तक कप्तानी का विकल्प हैं। इस पर गांगुली ने इंडिया टुडे से बातचीत के दौरान कहा "साउथ अफ्रीका से टेस्ट सीरीज हारने के बाद स्मिथ द्वारा विराट कोहली की कप्तानी पर सवाल उठाना थोड़ा कठोर है।"
उन्होंने कहा- "विराट कोहली के लिए विदेशी सरजमीं पर यह पहली चुनौती है। वह अभी युवा खिलाड़ी हैं और उन्होंने एक खिलाड़ी के रूप में घरेलु मैदानों और बाहर ज्यादा क्रिकेट खेला है लेकिन एक कप्तान के रूप में उन्होंने अभी कम मैच खेले हैं। आप दो मैचों से उनकी कप्तानी की काबिलियत पर सवाल नहीं उठा सकते। वह भविष्य में बेहतर कप्तान बनेंगे और आगामी इंग्लैंड व ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह अपनी गलतियों से सिखकर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।" गांगुली ने कहा कि "स्मिथ एक बहुत ही अच्छे व्यक्ति और महान कप्तान हैं लेकिन मैं विराट कोहली को लेकिन दिए गए उनके बयान से सहमति नहीं रखता हूं।"
बता दें कि ग्रीम स्मिथ ने टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली की कप्तानी पर सवाल उठाते हुए कहा था कि कोहली बतौर एक बल्लेबाज तो टीम के लिए अच्छा कर रहे हैं, लेकिन ओवरसीज में लगातार गिरते टीम के प्रदर्शन पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने ये भी कहा था 'जब मैं उनकी (विराट कोहली) तरफ देखता हूं तो मुझे नहीं लगता कि वह भारत के लिए लंबे समय तक कप्तानी का विकल्प हैं।'