नई दिल्ली: डे नाइट टेस्ट मैच आयोजित करना सौरवा गांगुली के एजेंडे का बड़ा हिस्सा है और बीसीसीआई अध्यक्ष ने अपने कार्यकाल के सबसे पहले कामों में इस एजेंडे को धरातल पर उतारने का फैसला करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को कोलकाता में डे नाइट मैच खेलने का प्रस्ताव दिया है। अब प्रस्ताव पर गांगुली ओर से अपडेट आई है। गांगुली के प्रस्ताव पर बीसीबी के क्रिकेट संचालन अध्यक्ष अकरम खान ने पुष्टि करते हुए रविवार को कहा कि उन्होंने ईडन गार्डन्स में भारत के खिलाफ दिन-रात्रि टेस्ट खेलने का फैसला नहीं किया है और वे जल्द ही यह निर्णय लेंगे।
इसी बीच बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी बताया, "मैंने बीसीबी अध्यक्ष (नज़्मुल हसन) से बात की। वे सहमत हैं, वे खिलाड़ियों से बात करना चाहते थे। मुझे यकीन है कि यह एक दिन / रात का मैच होगा। वे जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा भी करेंगे। उम्मीद है कि आज रात 10-10: 30 बजे तक हमें पुष्टि मिल जाएगी। " गांगुली ने यह बात सोमवार को पीटीआई को बात करते हुए की।
जबकि इस पर बीसीबी के क्रिकेट संचालन प्रमुख और पूर्व कप्तान अकरम खान ने कहा: "यह एक शानदार पहल है लेकिन हमें खिलाड़ियों को विश्वास में लेना होगा। यदि आप यात्रा कार्यक्रम को देखते हैं, तो शायद हमें कृत्रिम रोशनी में गुलाबी गेंद से प्रशिक्षण के लिए दो दिन (20 नवंबर, 21) मिलेंगे। यह तैयारी के लिए बहुत कम समय है। खिलाड़ी आज अध्यक्ष से मिल रहे हैं। " खान ने साथ ही उम्मीद जताई है कि मंगलवार सुबह तक इस बारे में फैसला ले लिया जाएगा।
बता दें कि बांग्लादेश तीन नवंबर से शुरू होने वाले तीन टी 20 मैचों की सीरीज के साथ अपने भारत दौरे की शुरुआत कर रहा है। 14 नवंबर से इंदौर में होने वाले विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अभियान की शुरुआत होगी और फिर दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से शुरू होगा। कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन में होने वाले इस मैच के लिए ही डे-नाइट टेस्ट कराने की बात हो रही है।
हालांकि बीसीबी के मुख्य कार्यकारी निजामुद्दीन चौधरी ने यह भी कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि वे दिन-रात्रि टेस्ट खेलेंगे और निर्णय खिलाड़ियों और टीम प्रबंधन पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा, "सबसे पहले हमें टीम प्रबंधन के खिलाड़ियों और सदस्यों की सहमति लेनी होगी। यह पूरी तरह से एक तकनीकी मामला है (कौशल के नजरिए से दिन-रात्रि टेस्ट खेलना) और हमें इस पर विचार करना होगा कि गुलाबी गेंद से टेस्ट खेलने के लिए आवश्यक तैयारी है या नहीं।"
इससे पहले गांगुली खुद अपने आप को डे-नाइट टेस्ट मैचों का बड़ा हिमायती बता चुके हैं। उन्होंने कहा था, "हम सभी इस बारे में सोच रहे हैं (भारत में टेस्ट में भीड़ कम होने पर)। मैं डे-नाइट टेस्ट में बड़ा बड़ा विश्वास रखता हूं और मैं इसे आगे बढ़ाऊंगा। इन दिनों आप काम या स्कूल को छोड़ नहीं सकते हैं, लाइफ स्टाइल बदल चुका है। गांगुली ने शुक्रवार को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) द्वारा उन्हें सम्मानित करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "विराट इस विचार के लिए सहमत हैं।"
जहां तक भारत दौरे की बात है तो फिलहाल डे-नाइट मैच से बड़ा मुद्दा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के लिए भारत दौरा सुचारू रूप से सम्पन्न कराना बना हुआ है। खबर है कि इस दौरे पर शाकिब अल हसन समेत कुछ अहम खिलाड़ी नहीं आएंगे जिस कारण मंगलवार को बीसीबी अपनी टी-20 टीम की घोषणा दोबारा कर सकता है।