नई दिल्ली। दक्षिण अफ्रीका के साउथ-वेस्ट प्रिटोरिया के लॉडियम ओवल क्रिकेट स्टेडियम के क्लब हाउस में गुरुवार को दो क्रिकेट कोच मृत पाए गए। क्रिकेट कोचों की लाश बरामद होने से क्रिकेट जगत में सन्नाटा छा गया है। ईएसपीएन क्रिकइंफो के मुताबिक मृत कोच की पहचान 24 साल के एनकोसी और 26 साल के चार्लसन मेसेको के रूप में की गई है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक मामला हत्या का है, हालांकि अब तक आरोपी का पता नहीं चल सका है।
मरने वाले कोचों का नाम चार्लसन मेसेको (26) और गिवेन एनकोसी (24) है। साथ ही दो अन्य कोच बिरी तह घायल हुए हैं। घायलों में कोच काजीसो मासुब्लेले (27) जो कि केएफसी मिनी-क्रिकेट के कॉर्डिनेटर हैं और ओबेद हार्वे एगबोमाज़ी (27) जो लॉडियम हब के मुख्य कोच शामिल हैं। दोनों कोचों को फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक हमले के पीछे के मकसद का अभी पता नहीं चल पाया है और इस बारे में आवश्यक जांच-पड़ताल की जा रही है। घटना के बारे में जानकारी सबसे पहले स्टेडियम के ही एक सदस्य के जरिए मिली। वह मृतकों के साथ रोज सुबह क्रिकेट खेला करता था। गुरुवार सुबह उसने अपने साथियों की लाश देखी और दो अन्य लोगों को तड़पते देखा तो पुलिस को इस बारे में सूचित किया। इस घटना पर दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने दुख जाहिर किया है। बोर्ड प्रमुख हारून लोगार्ट ने कहा है कि वह पीड़ितों के परिजनों के साथ हैं।