विराट कोहली के इस आइडिया पर जहीर खान का समर्थन, लेकिन कही यह बड़ी बात
नई दिल्ली। हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में टेस्ट मैच जीतने के बाद भारतीय कप्तान विराट कोहली ने स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए देश भर में 5 टेस्ट सेंटर बनाने की मांग की थी, जिसके अनुसार देश में कोई भी टेस्ट सीरीज सिर्फ इन्हीं 5 मैदान पर खेला जाएगा। विराट कोहली के इस विकल्प पर अब उन्हें भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान का साथ मिला है। जहीर खान ने स्टेडियम में दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए देश में टेस्ट सेंटर बनाने के कप्तान विराट कोहली के विचार का समर्थन किया है हालांकि वह विराट कोहली के इस विचार के एक भाग से इत्तेफाक नहीं रखते।
और पढ़ें: Sayed Mushtaq Ali Trophy: बैन के बाद पृथ्वी शॉ की धमाकेदार वापसी, 39 गेंद में ठोंके 67 रन
विराट कोहली ने देश भर में सिर्फ 5 टेस्ट सेंटर बनाने की बात की जबकि जहीर खान का मानना है कि भारत जैसे बड़े देश में टेस्ट सेंटर की संख्या पांच से ज्यादा होनी चाहिए।

भारत जैसे देश में 5 टेस्ट सेंटर काफी नहीं
जहीर खान ने कहा,' टेस्ट सेंटर चीजें आसान बनाती हैं। यह थियोरी अच्छी है, लेकिन संख्या पर चर्चा हो सकती है। मुझे लगता है कि देश के आकार को देखते हुए पांच की संख्या बहुत कम है।'
जहीर ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए मैं टेस्ट सेंटर के पक्ष में हूं।'

टेस्ट क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण, बचाने की जरूरत
गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में बांग्लादेश की टीम को इंदौर में पारी और 130 रनों के बड़े अंतर से हराया। दुनिया भर में टेस्ट क्रिकेट के प्रति रूचि बढ़ाने के लिए विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप की शुरुआत की है। भारत में टेस्ट क्रिकेट अभी भी काफी लोकप्रिय है ऐसे में मैच देखने के लिए स्टेडियम पहुंचने वाले दर्शकों की संख्या बढ़ाने के लिए यह विचार काफी अच्छा है।
जहीर खान ने क्रिकेट में टेस्ट क्रिकेट को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा, 'जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मुझे नहीं लगता कि खेल के छोटे प्रारूपों के आने से टेस्ट क्रिकेट को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। टेस्ट क्रिकेट अभी भी इस खेल का सबसे शुद्ध रूप है और यह युगों से चला आ रहा है। हर खिलाड़ी क्रिकेट का आनंद लेना चाहता है और टेस्ट मैच उच्चतम स्तर है जहां खिलाड़ियों के पास साबित करने के लिए बहुत कुछ होता है।'

डे-नाइट प्रारूप ने टेस्ट क्रिकेट को बनाया रोमांचक
जहीर ने कहा, "मुझे लगता है कि भविष्य में आपको वनडे और टी-20 प्रारूपों में बहुत सारी तीन और चार टीमों की सीरीज देखने को मिलेंगी जो प्रशंसकों के लिए खेल को रोचक बनाए रखने के लिए आयोजित किए जाएंगे। दिन-रात के मैच टेस्ट क्रिकेट को रोचक बनाए रखने के लिए जरूरी है।"
आपको बता दें कि बीसीसीआई के नए अध्यक्ष सौरव गांगुली की नियुक्ति के बाद भारत अपना पहला डे-नाइट टेस्ट मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेलेगा।
जहीर ने बीसीसीआई के नए अध्यक्ष सौरभ गांगुली की तारीफ करते हुए कहा, 'सौरभ गांगुली से हम सभी को बहुत सारी उम्मीदें हैं। जब उन्होंने भारतीय टीम का नेतृत्व किया था तब उन्होंने बहुत अच्छा काम किया था। उन्होंने सन्यास लेने के बाद से क्रिकेट से संपर्क नहीं खोया है और खेल के विकास के लिए लगन से काम कर रहे हैं। उन्होंने सीएबी के साथ बहुत अच्छा काम किया। अब वह बीसीसीआई के अध्यक्ष हैं और मुझे यकीन है कि वह भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए अच्छा काम करेंगे।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
