नई दिल्ली। आईपीएल 6 में हुई स्पॉट फिक्सिंग मामले में अब तक किसी का नाम सामने नहीं आया है। बीसीसीआई ने भी प्रशासनिक फेरबदल कर अपनी कर्तव्य की इतिश्री कर ली है। इसी मामले पर बीसीसीआई के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने दावा किया है कि कुछ रियल एस्टेट कारोबारी जो कि सट्टेबाज भी हैं, उन्होने खिलाडि़यों को फ्लैट भी गिफ्ट किये हैं और ये तीनों ही खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स टीम के हैं।
ललित ने आगे यह भी बताया कि इन लोगों ने 2010 में टीम भी खरीदने की कोशिश की थी लेकिन हमने इसकी अनुमति नहीं दी। मोदी ने बताया कि मुझे कुछ करीबियों के द्वारा सूचना मिली है कि चेन्नई टीम के तीन खिलाडि़यों को नाइट क्लब के मालिक और रियल एस्टेट व्यवसायी के साथ देखा गया था। खिलाडि़यों को न्यू बांद्रा सी फेस काम्प्लेक्स और नोएडा में फ्लैट दिये गये हैं।
हालांकि मोदी ने उन खिलाडि़यों के नाम बताने से इनकार कर दिया है पर यह कहा कि सट्टेबाजों के संबंध टीम के ओनर गुरूनाथ मयप्पन से हैं।
ललित मोदी ने कहा है कि मुंबई पुलिस को इस मामले की जांच करनी चाहिए। यह ध्यान देने योग्य है कि आईपीएल 6 में हुई स्पॉट फिक्सिंग की घटना ने क्रिकेट जगत और बीसीसीआई को हिला कर रख दिया था। इस मामले में राजस्थान टीम के तीन खिलाडि़यों को गिरफ्तार किया गया था। जिसमें से श्रीसंत की जमानत हो गयी है।
बीसीसीआई ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जगमोहन डालमिया को बीसीसीआई की अंतरिम समिति का अध्यक्ष बनाया है, बोर्ड ने मामले की जांच करने का भी वादा किया था। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि स्पॉट फिक्सिंग में कई बड़े नेताओं के भी नाम आ रहे हैं, जिससे कि इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।