मुंबई। इन दिनों महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर अपने 200वें टेस्ट में खेलने को लेकर चर्चा में हैं तो उनके बेटे 13 वर्षीय अर्जुन तेंदुलकर पहली बार किसी एज ग्रुप टीम से निकल कर पारसी क्रिकेट क्लब की तरफ से कांगा लीग में खेलेंगे। मुंबई क्रिकेट एशोसिएशन ने इस साल से फिर कांगा लीग का प्रारंभ किया है। जिसकी शुरूआत 8 सितंबर से होगी। इस लीग में खेलने वाले अर्जुन सबसे युवा खिलाड़ी नहीं हैं, उनसे कम उम्र के मुशीर खान जिनकी उम्र 8 वर्ष हैं, इस लीग में खेलेंगे।
अर्जुन इस लीग के 'जी' डिवीजन में खेलेंगे, जिसे समर वैकेशन लीग के नाम से भी जाना जाता है। इस लीग में उन्हें 17 और 19 वर्षीय खिलाडि़यों के खिलाफ भी उन्हें खेलना होगा। कांगा में खिलाडि़यों को खुले और गीले विकेट पर खेलना होता है। यह ध्यान देने योग्य है कि इस बार अंडर-14 टीम से खराब फार्म के कारण अर्जुन तेंदुलकर को निकाल दिया गया था।
इस लीग का प्रारम्भ 1948 में, डाक्टर होरमास्जी दोराबजी कांगा की याद में आयोजित किया जाता है, जो भारतीय चयनकर्ता और प्रथम श्रेणी क्रिकेटर थे। इस लीग में सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर जैसे बड़े खिलाड़ी खेल चुके हैं।