कोलंबो। वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल के होटल के कमरे से तीन ब्रिटिश लड़कियों को गिरफ्तार किया गया है। कमरे में लड़कियों के साथ गेल के अलावा एंड्रयू रसेल और एडवर्ड भी मौजूद थे। लड़कियों को पुलिस को सौंप दिया गया ताकि मामले की जांच हो सके। मालूम हो कि टी-20 विश्वकप के चलते वेस्टइंडीज की टीम श्रीलंका में है। वेस्टइंडीज की टीम कोलंबो के होटल सिनामेन में ठहरी है। पुलिस ने इसी होटल के कमरे से तीनों लड़कियों को गिरफ्तार किया है। खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए तैनात विशेष गार्डों ने लड़कियों को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आईसीसी ने इस मामले पर कोई आपत्ति नहीं जताई है और ना ही कोई शिकायत दर्ज की है। जानकारी के मुताबिक हल्की पूछताछ के बाद उन तीनों लड़कियों को छोड़ भी दिया गया है। पुलिस ने उन लड़कियों को आदेश दिया है कि जब भी उनकी ज़रूरत पूछताछ के लिये पड़ी तो उन्हें पुलिस स्टेशन रिपोर्ट करना होगा। मालूम हो कि वर्ष 2007 के विश्व कप के दौरान पाकिस्तान के कोच बॉब वूल्मर अपने कमरे में मृत पाए गए थे। उसके बाद से आईसीसी की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में सुरक्षा को लेकर और भी ज़्यादा ध्यान रखा जाता है। वहीं वेस्टइंडीज की टीम विश्व कप के सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है और शुक्रवार को उसका ऑस्ट्रेलिया से सेमीफाइनल मुकाबला है।