चंडीगढ़। आईपीएल टीम किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी मनप्रीत गोनी पर उनकी मां ने आरोप लगाया है कि संपत्ति के मुद्दे को लेकर उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। सत्तर बर्षीय मोहिंदर कौर का कहना है कि मुझे परेशान करने के लिए वह अपने बड़े भाई और उसकी पत्नी का भी सहारा ले रहा है, मेरे पति भी मेरे खिलाफ हैं।
गोनी की मां ने आरोप लगाये हैं कि वह मुझे कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका है। उन्होने इस संबंध में पुलिस में भी लिखित शिकायत दर्ज करवाई हैं कि 'मैं एक वरिष्ठ नागरिक हूं और अपने रिश्तेदारों से नाइंसाफी झेल रही हूं। मुझ पर मेरे पति, बेटों और बहूओं द्वारा सम्पत्ति देने का दबाव बनाया जा रहा है।
गोनी अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा हैं, उसका एक भाई विदेश में रहता है।
गोनी टीम इंडिया के लिए अंतर्राष्ट्रीय मैच भी खेल चुका है। गोनी ने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है और कहा है कि 'मैं अपने परिवार से छह वर्ष पहले ही अलग हो चुका हूं और मेरा अब उनसे कोई लेना देना नहीं है। पुलिस का कहना है कि हम मामले को संज्ञान में ले चुके हैं और तथ्यों की पुष्टि कर रहे हैं।