मुंबई। आईपीएल की चेन्नई सुपर किंग्स टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के करियर में यह पहला मौका था कि वह सवालों से बचते रहे। आईपीएल में हुई स्पॉट फिक्सिंग के बाद यह पहला मौका था जब कल शाम धोनी प्रेस कांफ्रेस में आये लेकिन वह स्पॉट फिक्सिंग के सारे सवालों को टाल गये।
गौरतलब है कि चेन्नई टीम के सीईओ गुरूनाथ मयप्पन स्पॉट फिक्सिंग के कारण ही पुलिस हिरासत में है और उनसे पूछताछ की जा रही है। स्पॉट फिक्सिंग के ही आरोप में गिरफ्तार किये गये अभिनेता बिंदु दारा सिंह ने मयप्पन का नाम लिया था। विंदू दारा सिंह को चेन्नई के एक मैच के दौरान धोनी की पत्नी के साथ टीम का उत्साह बढाते देखा गया था।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब धोनी से सवाल किया गया कि क्या वह विंदू दारा सिंह को व्यक्तिगत तौर पर जानते हैं तो वह इस सवाल को एक मुस्कान के साथ टाल गये। उन्होने इसके बारे में भी नहीं बताया कि चेन्नई के दो मैचों से पहले की कांफ्रेंस में वह क्यूं नहीं आये।
धोनी हमेशा ही खुलकर बोलने वाले शख्स हैं लेकिन ऐसा कहा जा रहा है कि स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल की जांच इस समय पुलिस कर रही है। इसलिए वह इन मसलों पर कुछ भी नहीं बोले। स्पॉट फिक्सिंग का मामला तब प्रकाश में आया जब राजस्थान रॉयल्स टीम के तीन खिलाडि़यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।