नयी दिल्ली (ब्यूरो)। टीम इंडिया के नई सनसनी और क्रिकेट के राऊडी राठौर शिखर धवन ने आज वो कर दिखाया जो किसी भी क्रिकेटर के लिये एक सपना हो। शतक लगाने के बाद अपने मूछों पर ताव देने वाले इस बल्लेबाज ने आज साउथ अफ्रिका के गेंदबाजों को पानी पिला दिया। शिखर धवन ने मात्र 150 गेंदों में 248 रनों की शानदार पारी खेली जिसमें उन्होंने 30 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के लगाये। शिखर के इस आतीशी और दिलकश बल्लेबाजी के चलते दक्षिण अफ्रीका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के आखिरी लीग मुकाबले में भारत ए ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ 3 विकेट पर 433 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया।
धवन का स्ट्राइक रेट 165.33 का रहा। धवन ने 100 रन 86 गेंदों में पूरे किए, जबकि 150 रनों तक पहुंचने के लिए उन्होंने 108 बॉल खेली। वह 45वें ओवर में आउट हुए। रस्टी थेरॉन की गेंद पर विलास ने उनका कैच लपका। जिस तरह वह खेल रहे थे, ऐसा लग रहा था कि अगर वह 50वें ओवर तक टिके रहते, तो 300 का निजी स्कोर कोई मुश्किल नहीं था। यह ए लिस्ट के मैचों का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। इससे पहले इंग्लैंड के ब्राउन ने काउंटी क्रिकेट में 268 रन बनाए थे।
दूसरी तरफ चेतेश्वर पुजारा ने भी नाबाद 109 रन बनाया और धवन के साथ 285 रनों की साझेदारी कर डाली। धवन के जाने के बाद सुरेश रैना (6) ज्यादा देर तक पुजारा का साथ नहीं दे सके। रैना को हार्डस विलोजेन ने वैन डर मर्वे के हाथों कैच आउट करवाया। इससे पहले टीम इंडिया-ए ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी चुनी। धवन हालांकि सचिन तेंदुलकर और सहवाग के बाद लिस्ट ए मैचों में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं। तेंदुलकर और सहवाग ने अंतरराष्ट्रीय मैचों में यह कारनामा किया है।