मुंबई। क्रिकेट के दामन पर एक बार फिर स्पॉट फिक्सिंग का दाग लगा तो पूर्व क्रिकेटर की आंखों में पानी भर आया। साथ में गुस्सा भी। पूर्व क्रिकेटर व सांसद कीर्ति आजाद ने इस मामले पर गुस्सा व्यक्त करते हुए कहा कि स्पॉट फिक्सिंग किसी चोरी-डकैती से कम नहीं। और इसके लिये सिर्फ और सिर्फ बीसीसीआई जिम्मेदार है।
सुबह एस श्रीसांथ समेत तीन क्रिकेटरों की दिल्ली में गिरफ्तारी के बाद देश भर से प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गईं। कीर्ति आजाद ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब तक जितने भी स्पॉट फिक्सिंग के मामले आये, उनमें भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पूरी तरह जिम्मेदार है। क्योंकि जब भी कोई ऐसे मामले आते हैं तो दो-चार साल के प्रतिबंध लगाकर छोड़ देती है। मेरे हिसाब से इन क्रिकेटरों पर लाइफ बैन लगा देना चाहिये। यही नहीं जेल भेजने तक की कार्रवाई भी कम है, क्योंकि इससे न केवल खेल बदनाम होता है, बल्कि देश की भी बदनामी होती है।
गौरतलब है कि सुबह मुंबई पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स के अंकित, अजीत चंदिलिया को औपचारिक तौर पर गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार श्रीसंत की भी गिरफ्तारी हुई है। इन सभी खिलाडि़यों को स्पेशल टीम पूछताछ के लिये ले गई है। वैसे आजाद की इस प्रतिक्रिया के बाद उनकी वो भड़ास ताजा हो गया, जब उन्होंने कहा था कि आईपीएल में अब सिर्फ बलात्कार होना बाकी रह गया है।