फिलिप आईलैंड। क्या आपको मालूम है भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की एक सुपरबाइक टीम भी है, जिसका नाम माही रेसिंग है। खास बात यह है कि इस समय धोनी की इस सुपरबाइक टीम ने ऑस्ट्रेलिया के फिलिप आईलैंड पर धमाल मचा दिया है। विश्व सुपरस्पोर्ट्स चैंपियनशिप के पहले राउंड में माही रेसिंग ने जीत के साथ आगाज़ किया।
माही रेसिंग में तुर्की के राइडर कीनन सोफोग्लु को इस जीत का श्रेय जाता है। सोफोग्लु की इस जीत से माही रेसिंग चैंपियनशिप में खिताब की प्रबल दावेदार बन गई है। तीन बार विश्व चैंपियन रह चुके सोफोग्लु ने यानिक मोटरस्पोर्ट के सैम लोवेस के बाद दूसरे स्थान से शुरुआत की। कावास्की जेडएक्स-6आर की तेजी का जानदार नमूना पेश करके लोवेस को 1.899 सेकेंड से पीछे छोड़ा।
सोफोग्लु ने कुल 23 मिनट 32.480 सेकेंड में रेस पूरी की। इस बीच 15वें और आखिरी लैप में उन्होंने एक मिनट 33.283 सेकेंड में लैप पूरा किया। सोफोग्लु ने रेस के बाद कहा, ''मैं बहुत खुश हूं कि मैंने और टीम ने जीत के साथ शुरुआत की है। मुझे पूरी उम्मीद है कि माही रेसिंग यह चैंपियनशिप जरूर जीतेगी।''
पहले राउंड के शीर्ष चार राइडर
1. के सोफोग्लु (माही रेसिंग टीम इंडिया) 23'32.480
2. सैम लोवेस (याकानीश मोटरस्पोर्ट्स) 23'34.379
3. माइकल वेड मार्क (पाटा हॉन्डा वर्ल्ड सुपरस्पोर्ट) 23'39.251
4. फेबियन फोरेट (माही रेसिंग टीम इंडिया) 23'43.575।