मुंबई। एक समय के जाने-माने तेज गेंदबाज और टीम इंडिया में केरल एक्सप्रेस के नाम से प्रसिद्ध क्रिकेटर एस श्रीसंत ने सभ्य लोगों के खेल क्रिकेट को कलंकित कर दिया। सिर्फ श्रीसंत ही नहीं, इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स दो अन्य खिलाडियों अंकित चव्हाण और अजित चंडिला ने भी क्रिकेट पर कालिख पोत दी। दिल्ली पुलिस ने तीनों खिलाडि़यों को रात 2:30 बजे मुंबई के ट्राइडेंट होटल से आईपीएल में स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस की स्पेशल सेल को पिछले कई महिनों से जानकारी मिल रही थी कि कुछ खिलाड़ी और बुकी स्पॉट फिक्सिंग कर रहे हैं।
दिल्ली पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स के तीन खिलाड़ी गेंदबाज श्रीसंत, अंकित चव्हाण और अजित चंडिला सहित 7 बुकी को भी गिरफ्तार किये हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन खिलाडि़यों को पूछताछ के लिये आज दिल्ली लाया जायेगा। पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि बीती रात से ही इस संबंध में कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि दो बुकी अभी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो कुछ और खिलाड़ी भी स्पॉट फिक्सिंग में शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि कल मुंबई और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गये मैच में स्पॉट फिक्सिंग की गई थी। इस मामले में दूसरे टीमों के खिलाड़ियों के नाम भी आ रहे हैं। पुलिस राजस्थान रॉयल्स के टीम मैनेजमेंट से भी पूछताछ करेगी।
वहीं खबर ये भी है कि दिल्ली पुलिस ने खिलाडि़यों की एक लंबी लिस्ट बनाई है और उनसे पूछताछ की जा सकती है। सूत्रों का कहना ये भी कहना है कि इस मामले में कुछ और खिलाड़ियों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने बयान में कहा कि हमें बताया गया है कि हमारे तीन खिलाड़ियों को स्पॉट फिक्सिंग के आरोपों में जांच के लिए हिरासत में लिया गया है। हम इससे हैरान हैं। हमारे पास इससे अधिक जानकारी नहीं है और इसी कारण हम दूसरी बातों की पुष्टि नही कर सकते।