मुंबई। स्पॉट फिक्सिंग में शामिल अभिनेता विंदू दारा सिंह से दोस्ताना संबंधों के कारण चर्चा में आयी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर जवाब दिया है कि 'कुछ तो लोग कहेंगे, लोगों का काम है कहना।' साक्षी का यह जवाब तब आया जब विंदू दारा सिंह को स्पॉट फिक्सिंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि चेन्नई के एक मैच के दौरान साक्षी और विंदू एक साथ बैठे देखे गये थे।
इसके अलावा कुछ बुकीज के साथ भी साक्षी के दोस्ताना संबंध रहे हैं। जिससे स्पॉट फिक्सिंग में उनकी भूमिका को लेकर भी बातें की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार विंदू दारा सिंह ने यह स्वीकार कर लिया है कि उन्होने स्पॉट फिक्सिंग में लगभग 17 लाख रूपये कमाये। स्पॉट फिक्सिंग मामले की आंच चेन्नई टीम के मालिक और बीसीसीआई के अध्यक्ष श्रीनिवासन के दामाद गुरूनाथ मयप्पन तक पहुंच गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस मयप्पन से भी पूछताछ कर सकती है।
बहरहाल जिस तरह से स्पॉट फिक्सिंग में एक के बाद एक नाम जुड़ रहे हैं। उससे तो यही कहा जा सकता है कि इसमें कई बड़े लोग भी शामिल हो सकते हैं। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है। दिल्ली पुलिस की एक टीम, चेन्नई टीम से जुड़े अधिकारियों से पूछताछ करेगी क्योंकि विंदू दारा सिंह ने आरोप लगाये हैं कि उन्होने गुरूनाथ मयप्पन के ही कहने पर पैसे लगाये।