कोलकाता। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि हमें उम्मीद करनी चाहिए कि सचिन अपने घरेलू मैदान मुंबई में अपना दो सौवां टेस्ट खेलेंगे। यह एक ऐसा रिकॉर्ड होगा जो कि कोई भी नहीं तोड़ पायेगा। गौरतलब है कि सचिन तेंदुलकर अपने दो सौवें टेस्ट मैच से मात्र दो टेस्ट दूर हैं, ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि वह ये उपलब्धि अपने घरेलू मैदान पर हासिल करेंगे।
सौरव का कहना है कि मैं सचिन को 200वें टेस्ट में उतरते हुए देखना चाहता हूं क्योंकि यह समय फिर कभी दोबारा नहीं आयेगा। हालांकि उन्होने सचिन के सन्यास से जुड़ी अटकलों को खारिज कर दिया और कहा कि आज के भारतीय क्रिकेट का समय विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी और रवींद्र जडेजा का है और इसके पहले भी कई महान खिलाड़ी भारत के लिए खेल चुके हैं, जिनमें से अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण हैं लेकिन मुझे लगता है कि सचिन जैसा महान खिलाड़ी फिर कभी नहीं मिल पायेगा, उनके द्वारा छोड़े गये 'खाली स्थान' को कभी कोई भर नहीं पायेगा।
सचिन को सलाह देते हुए सौरव ने अपना मत रखा कि 'मेरे ख्याल से सचिन को अपने सन्यास के बारे में ठीक से प्लान कर लेना चाहिए, जिससे कि वह बिना दबाव के बाकी बचे मैचों में खेल सके। हम सभी उन्हें सम्मान के साथ क्रिकेट मैदान से विदा लेते हुए देखना चाहते हैं, कोई भी उन्हें मैदान पर संघर्ष करते हुए खेल को अलविदा कहते हुए नहीं देखना चाहता है। अगर वह अपने अंतिम टेस्ट में शतक लगाते हैं तो इस समय जो भी उनकी निंदा कर रहे हैं, उन्हें यह कहना पड़ेगा कि सचिन अभी खेल को और कुछ दे सकते थे।
इसके अलावा सौरव गांगुली ने कहा कि यह स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल के बाद यह भारतीय क्रिकेट के लिए एक मुश्किल वक्त है लेकिन भारत को आने वाले वक्त में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया का दौरा करना है, जो कि बेहद चुनौतीपूर्ण होगा।