क्लार्क ने दो दिन पहले बिंगल के साथ संबंध विच्छेद किया था। वह बिंगल के साथ अपने संबंधों के बारे में बातचीत के लिए बिल्कुल तैयार नहीं हैं। उन्होंने हवाई अड्डे से बाहर आते वक्त सिर्फ इतना कहा, 'माफ करें दोस्तों, बिंगल से जुड़ा कोई सवाल नहीं।'
समाचार पत्र 'द आस्ट्रेलियन' के मुताबिक क्लार्क की वापसी की खबर रविवार को ही पत्रकारों को मिल चुकी थी। इसलिए सोमवार को बड़ी संख्या में पत्रकार हवाई अड्डे पर ही क्लार्क का इंतजार कर रहे थे। क्लार्क जैसे ही हवाई अड्डे से बाहर निकले, पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया लेकिन क्लार्क उनसे बचते दिखे।
उल्लेखनीय है कि एक पत्रिका के लिए निर्वस्त्र फोटो खिंचवाने के कारण क्लार्क अपनी मॉडल मंगेतर से नाराज थे। निर्वस्त्र फोटो वाली पत्रिका के बाजार में आने के बाद क्लार्क को काफी शर्मिदगी उठानी पड़ी और यही कारण है कि उन्होंने बिंगल के साथ संबंध विच्छेद करने का फैसला किया। दोनों इसी वर्ष शादी करने वाले थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।