मेहमान टीम द्वारा दिए गए 513 रनों के पहाड़ सरीखे लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश के सभी बल्लेबाज मैच के पांचवें दिन मंगलवार को 331 रन बनाकर पेवेलियन लौट गए।
बांग्लादेश ने अपने पांच विकेट 110 रन पर ही गंवा दिए थे लेकिन जुनैद सिद्दीकी (106) और मुश्फिकुर रहीम (96) ने छठे विकेट के लिए 167 रन जोड़कर इंग्लैंड को जीत के स्वाद के लिए लंबे समय तक इंतजार करने को मजबूर कर दिया।
मेजबान टीम ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक पांच विकेट खोकर 191 रन बनाए थे। पांचवें दिन सिद्दीकी ने अपना शतक पूरा किया और 292 गेंदों पर 17 चौकों की सहायता से 106 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट 277 रन पर गिरा।
रहीम भाग्यशाली नहीं रहे क्योंकि वह शतक से पांच रनों से चूक गए। उन्होंने 232 गेंदों पर 12 चौके लगाए। इन दोनों के अलावा नईम इस्लाम ने भी 32 रनों की आकर्षक पारी खेली। अब्दुर रज्जाक (1) और शहादत हुसैन (12) ने निराश किया।
इंग्लैंड की ओर से स्वान ने 127 रन देकर पांच विकेट अपनी झोली में डाले जबकि ब्रेसनन ने 63 रन देकर तीन विकेट लिए। स्टुअर्ट ब्रॉड और स्टीवन फिन को भी एक-एक सफलता मिली।
इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 599 रनों पर घोषित कर दी थी। इंग्लैंड की ओर से कप्तान एलिस्टर कुक ने 173, पॉल कोलिंगवुड ने 145, केविन पीटरसन ने 99 और इयान बेल ने 84 रन बनाए थे। बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 296 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।