डुनेडिन। विश्व कप पूल मैच में श्रीलंका ने अफगानिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया है। अफगानिस्तान ने श्रीलंका के सामने 233 रनों का लक्ष्य रखा था। जिसे श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर 48.2 ओवर में ही हासिल कर लिया।
श्रीलंका की ओर से सर्वाधिक स्कोर महेला जयवर्धने ने बनाया। उन्होंने 100 रनों की बेहतरीन पारी खेली। जबकि एंजेलो मैथ्यूज ने 44 व थिसारा परेरा ने 47 रनों की नाबाद पारी खेली।
वहीं अफगानिस्तान की ओर से असगर स्टैनिकजई (54) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने रविवार को यूनिवर्सिटी ओवल मैदान पर जारी आईसीसी विश्व कप 2015 के पूल-ए के अपने दूसरे मुकाबले में श्रीलंका के सामने 233 रनों का लक्ष्य रखा था।
न्यूजीलैंड के हाथों अपना पहला मैच गंवा चुकी श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए अफगान टीम को 49.4 ओवरों में 232 रनों पर सीमित कर दिया। लसिथ मलिंगा और कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने तीन-तीन विकेट लिए। सुरंग लकमल को भी दो विकेट मिले। थिसिरा परेरा और रंगना हेराथ ने एक-एक सफलता पाई।
बांग्लादेश के हाथों अपना पहला मैच गंवा चुकी अफगानिस्तान की टीम की ओर से असगर ने 57 गेंदों का सामना कर पांच चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा जावेद अहमदी ने 23 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 24, शमिउल्लाह शेनवारी ने 70 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 38 रनों का योगदान दिया।
कप्तान मोहम्मद नबी ने भी 27 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 21 रन जोड़े। मीरवाइज अशरफ ने 32 गेंदों पर एक चौके और दो छक्कों की मदद से 28 रनों की उपयोगी पारी खेली। श्रीलंकाई टीम ने 23 रन अतिरिक्त के तौर पर दिए।