श्रीलंका ने गेंदबाज़ों और बल्लेबाज़ों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत त्रिकोणीय शृंखला के फाइनल में भारत को चार विकेट से हरा दिया है.
भारत के 245 रनों के जवाब में श्रीलंका ने छह विकेट खोकर 249 रन बनाए.
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत ही ख़राब रही और एक समय उसके पाँच विकेट मात्र 60 रनों पर गिर गए थे.
छठे विकेट की साझेदारी में रैना और रविंदर जडेजा ने पारी को सँभाला. रैना ने 106 रन बनाए लेकिन इसके बाद कोई भी भारतीय बल्लेबाज़ श्रीलंकाई गेंदबाज़ों के सामने टिक नहीं पाया.
श्रीलंका की तरफ से कुलशेखरा ने चार विकेट लिए जबकि वेलेगेदारा ने तीन विकेट लिए. श्रीलंका के बाकी गेंदबाज़ों ने भी सधी हुई गेंदबाज़ी करते हुए रन औसत कभी भी बढ़ने नहीं दिया.
भारत की पूरी टीम 245 रन बनाकर आउट हो गई. जवाब में श्रीलंका का पहला विकेट शून्य पर ही गिर गया था लेकिन फिर दिलशान और संघकारा ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट की साझेदारी में93 रन जोड़ दिए.
इसके बाद श्रीलंका ने पाँच विकेट खोए लेकिन संघकारा और दिलशान ने जीत की नींव रख दी थी.
दिलशान ने 49 रन बनाए जबकि संघकारा ने 55 रनों का योगदान दिया.
इन दोनों बल्लेबाज़ों के बाद जयवर्धने ने पारी संभाली और 71 रन बनाकर श्रीलंका को जीत दिला दी.
पूरे मैच में कभी भी भारतीय टीम श्रीलंकाई टीम पर हावी नहीं दिखी और भारतीय क्षेत्ररक्षण काफ़ी ख़राब रहा.