दिल्ली की टीम ने सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (31), वीरेंद्र सहवाग (20), कप्तान गौतम गंभीर (17) और अब्राहम डिविलियर्स (4) के विकेट गंवाए हैं। वार्नर का विकेट 39 के कुल योग पर गिरा जबकि सहवाग 75 के कुल योग पर रन आउट हुए।
इससे ठीक पहले गंभीर को हरभजन सिंह ने अपनी ही गेंद पर कैच आउट किया था। डिविलियर्स का विकेट 85 रन के कुल योग पर गिरा। दिल्ली की टीम ने 10 ओवरों की समाप्ति तक चार विकेट खोकर 87 रन बना लिए हैं।
गंभीर की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभाल चुके विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक सात रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि पॉल कोलिंगवुड ने एक रन बनाया है।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति के बाद चार विकेट पर 183 रन बनाए। जीन पॉल ड्यूमिनी (21) और केरॉन पोलार्ड (45) रन बनाकर नाबाद लौटे। पोलार्ड ने 13 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और पांच छक्के लगाए।
पोलार्ड ने एंड्रयू मैक्डोनाल्ड द्वारा फेंके जा रहे पारी के अंतिम ओवर में तीन छक्कों और एक चौके की मदद से कुल 25 रन बटोरे। ड्यूमिनी ने 14 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौके लगाए।
मुंबई के लिए सौरव तिवारी ने 38 रनों का योगदान दिया जबकि कप्तान सचिन तेंदुलकर ने 30 रनों की उपयोगी पारी खेली। तिवारी ने 28 गेंदों पर एक चौका और दो छक्के लगाए। तेंदुलकर ने 26 गेंदों पर तीन चौके जड़े।
दोनों टीमों का यह 12वां मुकाबला है। विश्व के महानतम बल्लेबाजों में शुमार किए जाने वाले तेंदुलकर की प्रेरणादायी कप्तानी में खेल रही मुंबई की टीम आठ मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर चुकी है। उसके हिस्से तीन हार दर्ज है। उसके कुल 16 अंक हैं।
दूसरी ओर, सेमीफाइनल के लिए दिल्ली की टीम की दौड़ अभी भी जारी है। उसने छह जीत और पांच हार के साथ कुल 12 अंक बटोरे हैं। फिलहाल तालिका में वह तीसरे स्थान पर है लेकिन इस मैच में मिली जीत उसे दूसरे स्थान पर पहुंचा देगी।
अनिल कुंबले की कप्तानी में खेल रही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम छह जीत और छह हार के साथ कुल 12 अंक बटोरे हैं। वह दूसरे स्थान पर है। दिल्ली की तुलना में उसने एक मैच अधिक खेला है लेकिन कुल रन रेट के मामले में वह दिल्ली से आगे है। डेक्कन चार्जर्स और राजस्थान रायल्स के भी 12-12 अंक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।